खेलमनोरंजन

वैभव को नंबर-3 पर भेजना मछली को पानी से बाहर निकालने जैसा, अश्विन ने सूर्यवंशी की बैटिंग पोजीशन पर उठाए सवाल

नई दिल्ली: भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में जीत जरूर दर्ज की, लेकिन युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की बैटिंग पोजिशन चर्चा का विषय बन गई। चोटिल ईशान किशन की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किए गए वैभव को ओपनिंग के बजाय नंबर-3 पर बल्लेबाजी के लिए भेजा गया। वह 8 गेंदों पर 4 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटरों ने मुख्य कोच गौतम गंभीर और टीम मैनेजमेंट की रणनीति पर सवाल उठाए।

पूर्व भारतीय स्पिनर मुरली कार्तिक ने कहा कि वैभव को उस पोजिशन पर खिलाना चाहिए, जहां वह अपना स्वाभाविक खेल दिखा सकते हैं। उन्होंने मैच के बाद कहा कि वैभव एक ओपनर हैं और उन्होंने अब तक इसी भूमिका में ज्यादा बल्लेबाजी की है।

मुरली कार्तिक ने क्या कहा?

कार्तिक के मुताबिक, अगर टीम मैनेजमेंट वैभव को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने का फैसला करता है, तो उसे उनकी भूमिका के हिसाब से बल्लेबाजी क्रम में जगह भी देनी चाहिए थी। उन्होंने अनुभवी बल्लेबाज संजू सैमसन का उदाहरण देते हुए कहा कि सीनियर खिलाड़ियों को टीम की जरूरत के हिसाब से अलग-अलग नंबरों पर खेलने के लिए तैयार रहना चाहिए। कार्तिक का सुझाव था कि संजू नंबर-3 पर उतर सकते थे और वैभव को ओपनिंग का मौका दिया जा सकता था।

अश्विन ने बताया- वैभव अपनी सहज स्थिति में नहीं थे

रविचंद्रन अश्विन ने भी वैभव की बल्लेबाजी को लेकर अपनी राय रखी। उन्होंने युवा बल्लेबाज के प्रदर्शन को ‘फिश आउट ऑफ वॉटर’ यानी पानी से बाहर मछली जैसी स्थिति बताया। अश्विन के अनुसार, नंबर-3 पर आकर वैभव सहज नहीं दिखे और गेंद को सही टाइमिंग से खेलने में संघर्ष करते नजर आए। अश्विन ने कहा कि ऐसी परिस्थिति में किसी अनुभवी साथी को युवा बल्लेबाज के पास जाकर उसे शांत रहने और गेंद पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह देनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि छठे ओवर में बल्लेबाजी के लिए आना वैभव के स्वाभाविक खेल के अनुकूल नहीं लगा। अश्विन ने टीम मैनेजमेंट को यह विकल्प भी सुझाया कि अगर वैभव, अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन तीनों को एक साथ खिलाना है, तो संजू को तीसरे नंबर पर उतारने पर विचार किया जा सकता है।

गंभीर की बैटिंग ऑर्डर रणनीति पर चर्चा

गौतम गंभीर की रणनीति में बल्लेबाजी क्रम में लचीलापन अहम रहा है। टीम मैनेजमेंट ने दूसरे टी20 में मौजूदा ओपनिंग जोड़ी को बरकरार रखते हुए वैभव को तीसरे नंबर पर भेजा था। ईशान किशन की चोट के कारण उन्हें टीम में मौका मिला था। हालांकि, वैभव की नाकामी के बावजूद टीम ने मुकाबला अपने नाम किया। भारत ने 181 रन का लक्ष्य हासिल करते हुए चार विकेट से जीत दर्ज की। तिलक वर्मा ने नाबाद 51 रन बनाए, जबकि नितीश कुमार रेड्डी ने नाबाद 26 रन का योगदान दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button