अपराधउत्तर प्रदेशराज्‍य

शादी के चार महीने बाद होटल के कमरे में मुस्कान की मौत, पिता बोला-झूठ बोलकर बेटी को ले गया था दामाद

झांसी में एक होटल में बैंक मैनेजर की पत्नी की लाश मिली है। उसकी 4 महीने पहले ही शादी हुई थी। वो जेई का एग्जम देने 10 अक्टूबर को मायके आई थी। 2 दिन पहले पति भी आ गया था। शनिवार रात दोनों एक होटल में रुके थे। रविवार दोपहर पति अपनी पत्नी को होटल स्टाफ की मदद से लहूलुहान हालत में अस्पताल ले गया। जहां डॉक्टरों ने मुस्कान (27) को मृत घोषित कर दिया।

पिता ने कहा- दामाद निलेश झूठ बोलकर बेटी को साथ ले गया था। कहा था कि मौसी के घर जा रहे हैं, लेकिन होटल ले गया। बेटी के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। दामाद ने बेटी का मुंह पकड़कर सिर दीवार पर मारकर हत्या की है।

घटना के बाद पुलिस होटल पहुंची और जांच पड़ताल की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण साफ होगा। फिलहाल पति निलेश को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

अब जानिए पूरा मामला…

प्रेमनगर में रहने वाले रामजीलाल सिमौलिया ने बताया- मेरी बेटी मुस्कान की शादी 29 जून को मध्यप्रदेश के विदिशा निवासी निलेश से हुई थी। हमने धूमधाम से होटल जेएस ग्रैंड से बेटी की शादी की थी। मुस्कान का 28 अक्टूबर को जेई (JE) का एग्जाम था। मैंने सोचा चलो, मुस्कान एग्जाम भी दे देगी और कुछ दिन मेरे पास रह लेगी।

हमें नहीं पता था कि निलेश अचानक रात में आ जाएगा और सुबह-सुबह मुस्कान को लेकर चला जाएगा। निलेश 23 तारीख की रात करीब 11:30 बजे आया। अगले दिन वह मुझसे झूठ बोलकर मुस्कान को अपने साथ ले गया। उसने कहा कि मैं अपनी मौसी के यहां गणेश विहार कॉलोनी जा रहा हूं। मैंने कहा कि चले जाओ बेटा। उसने हमसे झूठ बोला था। वह उसे कहां ले गया, यह हमें नहीं पता था।

आज निलेश का फोन आया कि आप रुद्र होटल आ जाइए। हमारे यहां रुद्र होटल नहीं है। हमने ढूंढा तो पता चला कि ऋषभ होटल है। जब हमने ऋषभ होटल में उनका बिल चेक किया, तो पता चला कि वह मुस्कान को अपनी मौसी के यहां न ले जाकर होटल में ले गया था। होटल का बिल 23 से 24 अक्टूबर तक का था।

ससुर ने कहा- दामाद ने हम लोगों को नर्सिंग होम बुलाया

निलेश ने मुझे दोबारा फोन किया। उसने मुझसे कहा कि कपूर नर्सिंग होम आ जाइए। हम कपूर नर्सिंग होम पहुंचे। लेकिन, वहां भी वह हमें नहीं मिला। इसके बाद निलेश ने हमें फोन करके कहा कि फिर कहा कि मेडिकल कॉलेज आ जाइए, तब हम वहां पहुंचे। इसके बाद उसने सिविल अस्पताल आने के लिए कहा। जब हम सिविल पहुंचे, तो वहां मुस्कान को मृत पाया।

निलेश कह रहा है कि मुस्कान गिर गई थी। लेकिन, मुझे शक है कि उसने मेरी मुस्कान का मुंह पकड़कर उसका सिर दीवार में मार दिया होगा। उसके सिर में चोट लगी है।

ससुर बोले- दामाद के दूसरी महिलाओं से संबंध

रामजीलाल सिमौलिया ने बताया- निलेश पहले प्राइवेट जॉब करता था। अभी 15 दिन पहले उसकी एमपी ग्रामीण बैंक में सोसाइटी मैनेजर के पद पर नौकरी लगी थी। दामाद के दूसरी औरतों से संबंध हैं।

उसकी पहले से एक पत्नी भी है, जो इंदौर में रहती है। यह बात हमें बेटी की शादी करने के बाद पता चली। वह बार-बार मेरी बेटी से कहता था कि मेरी पहली पत्नी बढ़िया है। तुम्हारे में वह बात नहीं है।

एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया- सीसीटीवी में दिख रहा है कि पति-पत्नी होटल के एक स्टाफ के साथ कमरे की तरफ जा रहे है। तभी मुस्कान गिरते हुए दिख रही है। पिता के आरोपों की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम कराया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button