अपराधएनसीआरनोएडा

‘लाल जूतों’ की वजह से खुला राज, दिल्ली पुलिस का फर्जी दारोगा नोएडा में गिरफ्तार; वर्दी में झाड़ता था रौब

नोएडा: दिल्ली पुलिस में भर्ती होने का सपना टूटने पर एक युवक फर्जी सब-इंस्पेक्टर बन बैठा और नोएडा की सड़कों पर रौब जमाने लगा। बीएससी पास आरोपी पिछले 4-5 सालों से दिल्ली पुलिस की भर्ती परीक्षा दे रहा था, लेकिन चयन न होने पर उसने खुद ही दरोगा बनने का खतरनाक शॉर्टकट अपना लिया। सेक्टर-113 थाना पुलिस ने रविवार रात गश्त के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से दरोगा की पूरी वर्दी, कई फर्जी आईकार्ड और एक संदिग्ध कार बरामद हुई है। कोर्ट में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) मनीषा सिंह के मुताबिक आरोपी की पहचान 34 वर्षीय राहुल सिंह (निवासी मथुरा) के रूप में हुई है। राहुल अपने छोटे भाई के साथ सेक्टर-117 के एक किराए के फ्लैट में रहता था। उसके पिता सेना से सेवानिवृत्त हैं। भर्ती परीक्षा में बार-बार असफल होने के बाद राहुल ने दिल्ली से सब-इंस्पेक्टर की वर्दी, बेल्ट, कैप, बैज, जूते और स्टार खरीद लिए। वर्दी पहनकर वह स्थानीय दुकानदारों और रेस्तरां संचालकों पर धौंस जमाता था और कई बार बिना पैसे दिए खाने पीने का सामान ले लेता था।

पुलिस का मुहर लगा आईकार्ड मिला

आरोपी ने अपनी गाड़ी के आगे-पीछे की नंबर प्लेट पर ‘भारत सरकार’ और शीशों पर ‘पुलिस’ लिखवा रखा था। वह कार के वैध कागजात भी पेश नहीं कर सका। उसने आर्मी से रिटायर्ड पिता का कैंटीन कार्ड देखकर खुद का भी सेना कैंटीन का फर्जी कार्ड बनवा लिया था। उसके पास से दिल्ली पुलिस मुख्यालय और दक्षिण जिले के पुलिस अधिकारियों की मुहर लगे फर्जी आईकार्ड मिले है।

पेशी के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा गया

उसके पास से 2 आधार कार्ड और दिल्ली के अलग-अलग जिलों के 7 फर्जी पहचान पत्र मिले है, जिन्हें वह जरूरत के हिसाब से लोगों को दिखाता था। आरोपी की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई है। पुलिस अब इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं उसने खुद को असली पुलिसकर्मी बताकर तो शादी नहीं की थी। उसके छोटे भाई ने बताया कि उसने राहुल को कई बार समझाया था, लेकिन वह बाज नहीं आया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button