अंतर्राष्ट्रीय

लक्ष्मी मित्तल के यूक्रेन प्लांट पर रूस का हमला, दो की मौत

रूस ने सोमवार को यूक्रेन पर एक बड़ा ड्रोन और मिसाइल हमला किया. इस हमले की चपेट में आर्सेलर-मित्तल का माइनिंग और मेटलर्जिकल कॉम्प्लेक्स भी आया है, जो भारतीय मूल के उद्योगपति लक्ष्मी मित्तल की स्टील फैक्टरी है. इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई है और 14 कर्मचारी घायल भी हुए हैं. रूस ने ये हमले यूक्रेन के उन ड्रोन हमलों के जवाब में किए गए थे, जिसमें रूस के कई नागरिक मारे गए हैं.

बता दें कि भारतीय मूल के अरबपति लक्ष्मी मित्तल की कंपनी यूक्रेन की सबसे बड़ी इंटीग्रेटेड स्टील यूनिट है. हमले के बाद मुख्य एनर्जी और ब्लास्ट-फर्नेस ऑपरेशन्स को नुकसान पहुंचने के कारण प्रोडक्शन को आंशिक रूप से रोकना पड़ा.

जेलेंस्की का गृहनगर

क्रिवी रिह में आर्सेलरमित्तल का यह स्टील प्लांट स्थित है. यह यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की का गृहनगर है. आर्सेलरमित्तल क्रिवी रिह ने पुष्टि की कि उसके एक प्लांट पर मिसाइल हमला हुआ था और कामकाज आंशिक रूप से रोक दिया गया है. अन्य क्षेत्रों में भी हमले हुए, जिनमें दक्षिण-पूर्वी ज़ापोरिज्जिया क्षेत्र में दो लोग, सुमी सीमावर्ती क्षेत्र में एक व्यक्ति और पूर्व में डोनेट्स्क में एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई. रूसी हमलों के कारण कीव में भी कई जगहों पर आग लग गई, जिसमें छह लोग घायल हो गए. सोशल मीडिया पोस्ट में जेलेंस्की ने कहा कि जहां भी रूसी अपनी बैलिस्टिक मिसाइलों से पहुंच सकते हैं, वे नागरिक बुनियादी ढांचे पर हमला करते हैं.

रूस में भी मारे गए हैं छह लोग

इससे पहले यूक्रेन ने रूस पर सैकड़ों ड्रोन से हमले किए थे, जिसमें युद्ध के दौरान कीव के सबसे बड़े हवाई हमलों में से एक में कम से कम छह लोग मारे गए थे. रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने रात भर में देश भर में 822 ड्रोन को रोका है. मॉस्को के क्षेत्रीय गवर्नर आंद्रे वोरोब्योव ने इस हमले को हाल के समय के सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक बताया है.

युद्ध में नया मोर्चा

यूक्रेन ने इस साल रूस पर अपने हमले तेज़ कर दिए हैं, जिसमें लंबी दूरी की मिसाइलों और ड्रोनों के झुंड से सैन्य उद्योगों और ऊर्जा सुविधाओं को निशाना बनाया जा रहा है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button