लखनऊ से लेकर सहारनपुर तक शिकंजा: शिवा हत्याकांड में फंसी श्रद्धा दुबे के फ्लैट पर चस्पा हुआ नोटिस, इस मामले में कोर्ट सख्त

लखनऊ। मॉडल श्रद्धा के फ्लैट पर रविवार दोपहर सहारनपुर के अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट से जारी नोटिस चस्पा किया गया। कोर्ट ने श्रद्धा को पक्ष रखने के लिए तलब किया है और 31 अक्तूबर तक का समय दिया है। दरअसल, सहारनपुर पुलिस ने वर्ष 2024 में श्रद्धा के करीबी दोस्त व साइबर अपराधी अंकित जायसवाल को 90.59 लाख की ठगी में गिरफ्तार किया था। सहारनपुर के डॉक्टर प्रभात वर्मा ने अंकित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। उधर, हजरतगंज पुलिस ने हत्या के आरोप में श्रद्धा का फ्लैट सील कर दिया।
अंकित लखनऊ का रहने वाला है और उसके पास से श्रद्धा के नाम से दर्ज लग्जरी कार बरामद हुई थी। कार दिल्ली के रजिस्ट्रेशन नंबर की है और श्रद्धा के नाम से दर्ज है। कार रिलीज कराने के लिए अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट में अर्जी दाखिल की गई थी। इस पर कोर्ट ने श्रद्धा दुबे के नाम नोटिस जारी कर 31 अक्तूबर को अपना पक्ष रखने का आदेश दिया है। सहारनपुर कोर्ट का यह नोटिस श्रद्धा दुबे के बालू अड्डा स्थित फ्लैट पर पुलिस ने चस्पा किया है। वहीं, हजरतगंज पुलिस ने हत्या के मामले में फरार श्रद्धा के फ्लैट को सील भी कर दिया है।
90.59 लाख की ठगी से जुड़ी है कार
2024 में सहारनपुर में आयुष्मान योजना के बकाया भुगतान के नाम पर डॉक्टर से करीब 90.59 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया था। जांच के दौरान पुलिस ने लखनऊ के अंकित जायसवाल समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस की जांच से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, अंकित ने कथित तौर पर ठगी की रकम से स्कोडा कार खरीदी और उसे श्रद्धा दुबे के नाम पर रजिस्टर्ड कराया। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया था। इसके बाद से कार थाने की कस्टडी में खड़ी है।
सोनौली से बार्डर के जिलों में चक्कर काट रही श्रद्धा
श्रद्धा दुबे बढ़नी से लेकर सोनौली बार्डर तक चक्कर काट रही है। पुलिस को चकमा देकर सीधे कोर्ट में सरेंडर कराने की कोशिश उसके मददगार कर रहे हैं। इंटेलीजेंस इनपुट के बाद पुलिस की टीमें तीनों बार्डर पर पूरी निगरानी कर रही हैं। साथ ही मुखबिरों के जरिए नेपाल में उस तक पहुंचने में पुलिस लगी है। अधिकारी की मानें तो 24 घंटे में या तो गिरफ्तार होगी या फिर वह सरेंडर कर सकती है। मॉडल श्रद्धा दुबे नौ अक्टूबर को शिवा शर्मा की हत्या के बाद अपने तीन सहयोगियों संग रुपईडीहा अपने निजी कार से पहुंची थी। कस्बे में शुक्ला पार्किंग में दो दिन के लिए वाहन पार्क करने के बाद बार्डर से सीधे नेपाल में प्रवेश कर गई है। पुलिस की जांच में हाथ लगे सीसी कैमरों के फुटेज से यह पुष्टि हो चुकी है। चर्चित हत्याकांड को देखते हुए पुलिस की आठ टीमें उसकी तलाश में लगी हुई हैं। पुलिस के बढ़ते शिकंजे को देखते हुए वह पिछले दो दिनों से नेपाल बार्डर के आसपास ही छिपी हुई है। बताया जा रहा है कि रुपईडीहा पर पैनी नजर होने की वजह से वह पुलिस को चकमा देने के लिए बढ़नी व सोनौली बार्डर से वापस भारत में आने की कोशिशें कर रही है,ताकि कोर्ट में सीधे सरेंडर कर सके।


