एनसीआरनोएडा

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का बड़ा एक्शन: नोएडा में रातभर 45 टीमों की चेकिंग, 471 चालान और 19 वाहन सीज

नेशनल टुडे मीडिया | नोएडा | नोएडा में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का बड़ा एक्शन! रातभर सड़कों पर उतरी पुलिस, 45 टीमों ने चलाया चेकिंग अभियान; 471 चालान, 19 वाहन सीज, 327 पर कार्रवाई
नोएडा। अपराधियों और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। उनके निर्देशन में नोएडा पुलिस ने 30 अक्टूबर को पूरे नोएडा जोन में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ व्यापक विशेष चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसा।
डीसीपी नोएडा प्रीति यादव के नेतृत्व एवं एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्र के निकट पर्यवेक्षण में 45 पुलिस टीमों को मैदान में उतारा गया। इन टीमों ने 45 प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग की।
अभियान के दौरान पुलिस ने 1,922 वाहनों और 2,068 व्यक्तियों की जांच की। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 471 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 19 वाहनों को सीज कर दिया गया। वहीं, सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने एवं संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए 327 व्यक्तियों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 292 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
सिर्फ चेकिंग ही नहीं, पुलिस अधिकारियों ने बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, औद्योगिक क्षेत्रों, बैंकों, एटीएम, होटलों और ढाबों पर सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। सभी थाना प्रभारियों को पैदल गश्त, रात्रि पेट्रोलिंग बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में गौतमबुद्धनगर पुलिस का सख्त संदेश साफ है—सड़कों पर लापरवाही, नशे में ड्राइविंग और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button