
नोएडा। रजनीगंधा अंडरपास के सामने से शुरू होकर सेक्टर-60 तक बनने वाली एलिवेटेड रोड की डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
नोएडा प्राधिकरण ने आईआईटी रुड़की को इस कार्य के लिए भुगतान जारी कर दिया है। प्राधिकरण ने डीपीआर तैयार करने के लिए लगभग एक करोड़ रुपये पहले ही जारी कर दिए हैं। शेष राशि भी जल्द जारी कर दी जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार, डीपीआर अगले महीने पूरी हो जाने की आशंका है, जिसके बाद टेंडर प्रक्रिया समेत आगे के चरण शुरू किए जा सकेंगे।
सेक्टर-3 से सेक्टर-60 तक होगी विस्तारित
एलिवेटेड रोड का संशोधित अलाइनमेंट हाल ही में नोएडा प्राधिकरण के सीईओ ने मंजूर किया गया था। अलाइनमेंट को अंतिम रूप न मिलने के कारण परियोजना लंबे समय से अटकी हुई थी। अब अलाइनमेंट फाइनल होने और डीपीआर प्रक्रिया शुरू होने से जमीनी स्तर पर काम शुरू होने की उम्मीदें बढ़ गई हैं। प्राधिकरण ने इस परियोजना के दायरे को बढ़ाते हुए इसे सेक्टर-3 से सेक्टर-60 तक विस्तारित करने का फैसला किया है।
करीब 1.5 किलोमीटर का अतिरिक्त विस्तार शामिल
आईआईटी रुड़की ने जून महीने में इसकी फिजिबिलिटी रिपोर्ट सौंप दी थी, जिसके बाद सीईओ के समक्ष प्रेजेंटेशन हुआ और अलाइनमेंट को मंजूरी मिल गई। अब यह छह लेन वाली एलिवेटेड सेक्टर-3 से शुरू होकर सेक्टर-10, सेक्टर-12, सेक्टर-22 टी-प्वाइंट, सेक्टर-57 होते हुए सेक्टर-60 तक जाएगी। परियोजना की कुल लंबाई अब 5.43 किलोमीटर हो गई है, जिसमें करीब 1.5 किलोमीटर का अतिरिक्त विस्तार शामिल है।
कर्व डिजाइन पर विशेष ध्यान
इस एलीवेटेड रोड के बनने से दिल्ली से नोएडा के प्रमुख औद्योगिक और आईटी हब क्षेत्रों तक पहुंचना आसान हो जाएगा। परियोजना का सबसे चुनौतीपूर्ण हिस्सा सेक्टर-12 और सेक्टर-22 के टी-प्वाइंट को माना जा रहा है। यहां 90 डिग्री के तेज मोड़ से यातायात प्रभावित हो सकता है, इसलिए आईआईटी रुड़की कर्व डिजाइन पर विशेष ध्यान दे रहा है।



