उत्तर प्रदेशराज्‍य

CM योगी आज देंगे बड़ी सौगात, भारत टैक्सी और कृषक समृद्धि योजना की करेंगे शुरुआत

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत लघु और सीमांत किसानों को छह प्रतिशत ब्याज दर पर कृषि ऋण देने की शुरुआत करेंगे। उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक से अब तक 11 से 11.50 प्रतिशत ब्याज पर मिलने वाला ऋण अब छह प्रतिशत पर मिलेगा। योजना के लिए 384 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

मुख्यमंत्री सुबह 9:30 बजे सरकारी आवास से योजना का शुभारंभ करेंगे। किसान सहकारी ग्राम विकास बैंक से छह लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण छह प्रतिशत ब्याज पर ले सकेंगे। नियमित रूप से ऋण चुकाने वाले पुराने ऋणियों को भी ब्याज अनुदान का लाभ मिलेगा। ऋण की स्वीकृति आनलाइन पोर्टल के माध्यम से होगी। योजना का लक्ष्य पांच वर्षों में पांच लाख किसानों को लाभ पहुंचाना है।

इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री प्रदेश में भारत टैक्सी सेवा की भी शुरुआत करेंगे। सेवा से अब तक करीब 50 हजार टैक्सी चालक जुड़ चुके हैं, जिनमें 40 हजार लखनऊ के हैं। यह सेवा अप्रैल से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चल रही है।

इसमें चालकों को पांच लाख रुपये तक के बीमा का लाभ देने की व्यवस्था है। चालकों से कोई कमीशन नहीं लिया जाएगा। कार्यक्रम में कृषक समृद्धि योजना का ई-पोर्टल, सहकारिता विभाग का ऊर्वरक सेतु मोबाइल एप और उत्तर प्रदेश कोआपरेटिव डेटाबेस सेंटर का मोबाइल एप भी लांच किया जाएगा। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत संबंधित विभागों के मंत्री मौजूद रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button