MLC चुनाव रिजल्ट पर बोले ओमप्रकाश राजभर- जहां सपा जीती, वहां तोप खड़ा कर दिया क्या?

उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने वाराणसी में विधान परिषद सदस्यों (एमएलसी) की दोनों सीटों पर हार पर कहा कि पढ़े-लिखे लोगों को वोट है। आम जनता का वोट नहीं है। राजभर के इस अनोखे बयान का मतलब क्या है? इसको लेकर लोग अलग-अलग व्याख्या कर रहे हैं।
राजभर ने एमएलसी चुनाव रिजल्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जनता का जनादेश, पढ़े-लिखे लोगों को जनादेश है तो जो जनादेश आ रहा है उसका हम लोग स्वागत करते हैं। वाराणसी में भाजपा की हार पर राजभर ने कहा कि पढ़े-लिखे लोगों को वोट है। राजभर ने एमएलसी चुनाव को विधान सभा से पहले का सेमी फाइनल मानने से इनकार करते हुए कहा कि अभी उपचुनाव हो तो भी आप लोग उसे सेमी फाइनल कहेंगे। उन्होंने दावा किया कि विधानपरिषद चुनाव में वोट डालने वाले ‘पढ़े-लिखे लोग’ विधानसभा चुनाव में मतदान करने के बजाय छुट्टी मनाते हैं। उन्होंने विधानपरिषद चुनाव के नतीजों को विधानसभा चुनाव से जोड़ने को अनुचित बताते हुए कहा कि दोनों चुनावों की प्रकृति अलग है।
विधानसभा चुनाव में पढ़े-लिखे लोग मतदान केंद्रों पर नहीं जाते और छुट्टी मनाते
उन्होंने कहा कि एमएलसी (विधानपरिषद सदस्य) का चुनाव विधानसभा चुनाव का रिहर्सल नहीं है। विधानसभा के चुनाव में आम मतदाता भाग लेता है जबकि एमएलसी चुनाव में पढ़े-लिखे लोग वोट देते हैं। इस चुनाव और विधानसभा चुनाव का कोई जुड़ाव नहीं है। राजभर ने यह भी कहा कि विधानसभा चुनाव में पढ़े-लिखे लोग मतदान केंद्रों पर नहीं जाते और छुट्टी मनाते हैं।
मदनी के बयान पर भी प्रतिक्रिया
राजभर ने दावा किया कि आने वाले दिनों में “न मदनी मौलाना की चलेगी और न मौलवी-मौलाना की चलेगी। जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी के उस बयान पर भी राजभर ने तीखी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि पहले की सरकारें मुसलमानों को निशाना बनाती थीं, जबकि मौजूदा सरकार के दौर में इस्लाम और उसकी धार्मिक पहचान को भी निशाना बनाया जा रहा है। राजभर ने मदनी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मौलाना अरशद मदनी सौ फीसद झूठ बोल रहे हैं।
सपा-बसपा को महिलाएं सबक सिखाएंगी
राजभर ने महिलाओं का आह्वान करते हुए कहा कि लोकसभा में महिला बिल का विरोध करने वाली सपा-बसपा को महिलाएं सबक सिखाएंगी। कहा कि 29 नवंबर को आजमगढ़ के आईटीआई मैदान में सपा के विदाई की तारीख रखा हूं। उसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहुंचेंगे। राजभर ने कहा कि अगले महीने के आखिरी सप्ताह तक माताओं-बहनों के खाते में मोदी-योगी जी का रुपया आने वाला है। इसका ऐलान हो चुका है।
एमएलसी चुनाव के नतीजों पर कसा कांग्रेस पर तंज
ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा कि एमएलसी चुनाव के नतीजों पर कांग्रेस पर तंज कसा। उन्होंने सपा – कांग्रेस गठबंधन में कांग्रेस के सीट मांगने पर कहा कि जब वो सीट मांगें तो उन्हें परिणाम का वही शून्य याद दिला दीजिएगा।



