
नई दिल्ली: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 13 सितंबर को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में अपने तय शेड्यूल के अनुसार ही खेला जाएगा। DDCA ने मैच के स्थगित होने या सुरक्षा कारणों से आगे टलने की तमाम अटकलों और खबरों को खारिज करते हुए क्रिकेट फैंस को अच्छी खबर दी है।
BRICS समिट और VVIP ट्रैफिक के बीच उठ रही थीं अफवाहें
दरअसल, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक हाई-प्रोफाइल ब्रिक्स सम्मेलन का आयोजन हो रहा है। इसके मद्देनजर पूरी दिल्ली में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और VVIP मूवमेंट के चलते ट्रैफिक पाबंदियां लागू की गई हैं। ब्रिक्स समिट के मुख्य स्थल भारत मंडपम और अरुण जेटली स्टेडियम के बीच की दूरी महज 5 किलोमीटर है। इसी कारण मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा था कि दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक और सुरक्षा चुनौतियों का हवाला देते हुए मैच को एक दिन आगे खिसकाने की सलाह दी है।
DDCA और दिल्ली पुलिस की बैठक के बाद रास्ता साफ
सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए डीडीसीए ने दिल्ली ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आधिकारिक पुष्टि की ‘अरुण जेटली स्टेडियम में 13 सितंबर को होने वाला भारत-अफगानिस्तान पहला टी20 मुकाबला तय समय पर ही आयोजित होगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के साथ हुई बैठक के बाद डीडीसीए को सभी आवश्यक सहायता और व्यवस्था का पूरा आश्वासन मिला है। मैच स्थगित नहीं हुआ है।’ सम्मेलन के दौरान मध्य दिल्ली में ट्रैफिक डाइवर्ट रहेगा और स्कूल-सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे, लेकिन शाम को होने वाले इस मैच के लिए विशेष ट्रैफिक गाइडलाइंस और सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे।
13 से 17 सितंबर तक नई दिल्ली में खेली जाएगी पूरी सीरीज
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन T20I मैचों की यह सीरीज 13 सितंबर से 17 सितंबर 2026 के बीच खेली जानी है। खास बात यह है कि सीरीज के तीनों ही मुकाबले नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शाम 7:00 बजे (IST) से खेले जाएंगे। डीडीसीए की हरी झंडी मिलने के बाद अब राजधानी के क्रिकेट फैंस के लिए ब्रिक्स समिट के बीच हाई-वोल्टेज टी20 मैच का रोमांच देखने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।


