भारत-कनाडा व्यापार को $70 अरब तक ले जाने का प्लान, निर्मला सीतारमण ने कनाडाई निवेशकों को दिया बड़ा न्योता

नई दिल्ली| वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कनाडाई निवेशकों को निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है।
उन्होंने टोरंटो में भारतीय व्यापार समुदाय के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत निरंतर विकास, युवा जनसंख्या, बढ़ती खपत और गहरे होते पूंजी बाजारों का अनूठा संयोजन प्रस्तुत करता है।
परिवर्तन के दौर से गुजर रहा भारत
निर्मला सीतारमण ने कहा कि देश संरचनात्मक परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है, जो तेजी से शहरीकरण, बढ़ती मध्यवर्गीय आबादी और विश्वस्तरीय डिजिटल बुनियादी ढांचे द्वारा संचालित है। यह परिवर्तन अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों में नए अवसर पैदा कर रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि,
देश के डिजिटल बुनियादी ढांचे ने वित्तीय और वाणिज्यिक सेवाओं की पहुंच को बढ़ाया है। UPI दुनिया की सबसे बड़ा रीयल-टाइम भुगतान प्रणाली है और यह वित्तीय समावेशन व नवाचार का एक महत्वपूर्ण उपकरण बन गया है।”
भारत-कनाडा आर्थिक साझेदारी का उल्लेख करते हुए सीतारमण ने कहा कि भारतीय प्रवासी दोनों देशों के बीच एक रणनीतिक पुल का कार्य करते हैं। हाल के समय में द्विपक्षीय संबंधों में उल्लेखनीय परिवर्तन आया है, जो साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और बढ़ती आर्थिक सहभागिता द्वारा समर्थित है। यह साझेदारी तेजी से पूंजी प्रवाह और गहरे संस्थागत जुड़ाव की ओर बढ़ रही है।



