
काफी लंबे इंतजार के बाद यश की ‘टॉक्सिक’ 26 अगस्त को थिएटर्स में रिलीज हुई और इसने इतिहास रच दिया। ओपनिंग डे पर ही गीतू मोहनदास की इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कमाई का इतिहास रच दिया और पहले ही दिन ₹100 करोड़ का आंकड़ा पार कर गई। वहीं, वर्ल्डवाइड ₹140 करोड़ से अधिक कमा लिए ‘टॉक्सिक’ के जरिए यश ने KGF 2 की रिलीज के चार साल बाद फिल्मी पर्दे पर वापसी की और तबाही मचा दी है। इस फिल्म ने ओपनिंग डे पर ही ‘जवान’ और ‘धुरंधर’ जैसी फिल्मों को पछाड़ दिया और देश में सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म बन गई।
Toxic: A Fairy Tale For Grown-Ups को रिलीज होने पर मिक्स्ड रिस्पॉन्स मिला, पर इसके बावजूद थिएटर्स में जबरदस्त फुटफॉल दिखा और इसने रिकॉर्डतोड़ कमाई कर डाली। फिल्म का बजट ₹500 करोड़ बताया जा रहा है।
‘टॉक्सिक’ ओपनिंग डे कलेक्शन
Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ देशभर में 24,579 शोज पर रिलीज हुई और इसने ओपनिंग डे पर ही सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए ₹101.10 करोड़ रुपये कमा लिए। यह कारनामा अभी तक पांच भारतीय फिल्मों ने किया है और इनमें RRR के बाद ‘टॉक्सिक’ दूसरी ऐसी फिल्म है, जो सीक्वल नहीं है। पहले दिन ही ‘टॉक्सिक’ ने देशभर में ₹120.75 करोड़ का ग्रॉस और ₹101.10 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया।
ओपनिंग डे पर देश में 100 करोड़ नेट कमाई करने वाली फिल्में
- पुष्पा 2 – ₹164 करोड़
- RRR – ₹133 करोड़
- बाहुबली 2 – ₹121 करोड़
- KGF 2 – ₹116 करोड़
- धुरंधर 2 – ₹103 करोड़
- टॉक्सिक- ₹101.10 करोड़
‘टॉक्सिक’ की अन्य भाषाओं से कमाई, हिंदी में सबसे ज्यादा
‘टॉक्सिक’ पैन इंडिया रिलीज हुई है और हिंदी के अलावा इसने अन्य भाषाओं से भी अच्छी कमाई की है। मूल रूप से यह कन्नड़ भाषा में बनी है, पर हिंदी में भी डब करके रिलीज की गई है, और उसी वर्जन से इसने ओपनिंग डे पर सबसे ज्यादा कमाई की। हिंदी से इसने ₹55 करोड़, कन्नड़ भाषा से ₹23.30 करोड़, तमिल भाषा से ₹5.50 करोड़ और तेलुगु से ₹16 करोड़ का कारोबार किया। वहीं, सबसे कम कमाई मलयालम वर्जन से हुई, जिससे इसने कुल ₹1.30 करोड़ ही कमाए।
- हिंदी- ₹55 करोड़
- कन्नड़- ₹23.30 करोड़
- मलयालम- ₹1.30
- तमिल- ₹5.50 करोड़
- तेलुगु- ₹16 करोड़
‘टॉक्सिक’ वर्ल्डवाइड कलेक्शन, इन फिल्मों को पछाड़ा
‘टॉक्सिक’ के वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें, तो इसने ओवरसीज मार्केट में पहले ही दिन ₹20 करोड़ की ग्रॉस कमाई की, जिसके बाद दुनियाभर में इसका ओपनिंग डे कलेक्शन ₹140.75 करोड़ हो गया है। वर्ल्डवाइड कमाई के मामले में ‘टॉक्सिक’ ने ‘आदिपुरुष’, ‘धुरंधर’ और ‘जवान’ को पछाड़ दिया, पर ‘देवारा’, ‘सालार’, KGF 2, ‘कल्कि 2898 AD’, ‘बाहुबली 2’, RRR, ‘धुरंधर 2’ और ‘पुष्पा 2’ से पीछे रही। जहां ‘जवान’ ने ओपनिंग डे पर वर्ल्डवाइड 75 करोड़ कमाए थे, वहीं ‘धुरंधर’ ₹40-50 करोड़ कमा सकी थी।
‘रामायणम्’ भी कर दे ये कारनामा, तो यश बनाएंगे तगड़ा रिकॉर्ड
इस शानदार ओपनिंग के साथ, यश ने एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर अपनी जबरदस्त पकड़ साबित कर दी है। उन्होंने KGF 2 के साथ ओपनिंग डे पर ₹100 करोड़ की कमाई का ट्रेंड शुरू किया था, और अब उन्होंने उसी लीग की एक और फिल्म दी है। अगर ‘रामायणम्’ भी इस साल यह कारनामा कर पाती है, तो यश इतनी तेजी से लगातार तीन बार ओपनिंग डे पर ₹100 करोड़ रुपये कमाने वाले पहले स्टार बन सकते हैं।
‘टॉक्सिक’ की एडवांस बुकिंग, बजट और A रेटेड फिल्म
एडवांस बुकिंग में ही ‘टॉक्सिक’ पहले दिन ₹100 करोड़ से अधिक की रिकॉर्डतोड़ कमाई करती और कई रिकॉर्ड तोड़ती नजर आ रही थी। इसने पहले दिन की एडवांस बुकिंग में ही वर्ल्डवाइड ₹85 करोड़ की ग्रॉस कमाई कर ली थी, जबकि सुबह 10 बजे तक मॉर्निंग शोज से देशभर में ₹23.54 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया था। यही रफ्तार रही, तो यह 500 करोड़ का बजट कुछ हीदिन में वसूल लेगी। इसे सेंसर बोर्ड से A सर्टिफिकेट मिला और इस कैटिगरी की फिल्मों में ₹100 करोड़ से अधिक की कमाई करने वाली मूवीज की फेहरिस्त में ‘टॉक्सिक’ दूसरे नंबर पर है, जबकि पहले नंबर पर ‘धुरंधर 2’ है।
देश में ओपनिंग डे पर सबसे अधिक कमाई करने वाली A-रेटेड फिल्में
- धुरंधर 2 – ₹102.55 करोड़
- टॉक्सिक- ₹101.10 करोड़
- सालार – ₹90.70 करोड़
- दे कॉल हिम OG – ₹63.75 करोड़
- कुली – ₹65.00 करोड़
- एनिमल – ₹63.80 करोड़
- जना नायकन – ₹42.70 करोड़
- धुरंधर – ₹28.60 करोड़
- HIT: द थर्ड केस – ₹21.00 करोड़
- सत्यमेव जयते – ₹20.52 करोड़
- कबीर सिंह – ₹20.21 करोड़
‘टॉक्सिक’ की कास्ट
‘टॉक्सिक’ एक गैंगस्टर-एक् शन ड्रामा है, जिसमें यश डबल रोल में हैं। उनके अलावा फिल्म में कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया, रुकमणि वसंत, अक्षय ओबेरॉय और सुदेव नायर हैं।



