सोनम वांगचुक का स्वास्थ्य जानने मेदांता अस्पताल पहुंचे नड्डा और जितेंद्र सिंह

नई दिल्लीः केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात की। सूत्रों ने यह जानकारी दी। दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में वांगचुक को मंगलवार शाम सफदरजंग अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद इलाज के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एक सूत्र ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने अस्पताल में सोनम वांगचुक से मुलाकात की।’दोनों केंद्रीय मंत्रियों ने अस्पताल पहुंचकर वांगचुक का हालचाल जाना। वांगचुक को शाम करीब साढ़े सात बजे कड़ी सुरक्षा के बीच एंबुलेंस से मेदांता अस्पताल लाया गया। अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि वांगचुक को आंतरिक चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. सुशीला कटारिया की देखरेख में आईसीयू-आठ में भर्ती किया गया है।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद हुआ अस्पताल में ट्रांसफर
दिल्ली हाईकोर्ट ने मंगलवार को वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ले जाने की अनुमति दी थी। यह आदेश उनकी पत्नी गीतांजलि आंगमो की याचिका पर सुनवाई के बाद दिया गया। सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने भी मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किए जाने पर कोई आपत्ति नहीं जताई, लेकिन अदालत से कहा कि वांगचुक लगातार डॉक्टरों की निगरानी में रहें। इसके बाद मंगलवार शाम उन्हें सफदरजंग अस्पताल से छुट्टी देकर कड़ी सुरक्षा के बीच एंबुलेंस से मेदांता अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनके सभी मेडिकल रिकॉर्ड भी साथ भेजे गए।
कैसे पहुंचे थे सफदरजंग अस्पताल?
सोनम वांगचुक पिछले कई दिनों से जंतर मंतर पर नीट पेपर लीक मामले को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे थे। उनकी तबीयत लगातार बिगड़ने लगी और डॉक्टरों ने तत्काल इलाज की सलाह दी। इसके बाद दिल्ली पुलिस उन्हें जंतर मंतर से उठाकर एंबुलेंस के जरिए सफदरजंग अस्पताल ले गई।



