
गाजियाबादः सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर में कांवड-सावन मास मेला 10 जुलाई से ही शुरू हो जाएगा। 10 जुलाई को गुरू पूर्णिमा है और उस दिन देश भर से भक्त सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर महादेव मंदिर गाजियाबाद के पीठाधीश्वर, श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के अंतर्राष्ट्रीय प्रवक्ता व दिल्ली संत महामंडल के अध्यक्ष श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज से गुरू दीक्षा लेने के लिए मंदिर पहुंचेंगे। 11 जुलाई से सावन मास शुरू हो जाएगा, जो 9 अगस्त तक रहेगा। 14 जुलाई, 21 जुलाई, 28 जुलाई व 4 अगस्त को सावन के सोमवार होंगे। श्रावण शिवरात्रि 23 जुलाई को होगी। मंदिर में पूरे सावन मास ही भक्तों का सैलाब उमडेगा, मगर श्रावण शिवरात्रि व सावन सोमवार को तो देश ही नहीं विदेश से भी भक्त भगवान दूधेश्वर के दर्शन-पूजन व अभिषेक के लिए आएंगे। इसे देखते हुए महाराजश्री की अध्यक्षता व संरक्षण में विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मंदिर में कांवड़ मेला 21, 22 व 23 जुलाई को लगेगा। 23 जुलाई को श्रावण शिवरात्रि पर प्रातकाल से ही भगवान दूधेश्वर के जलाभिषेक शुरू हो जाएगा। जलाभिषेक 24 घंटे होगा। पूरा दिन ही भगवान के जलाभिषेक के लिए शुभ रहेगा। श्रावण शिवरात्रि का व्रत 23 जुलाई को ही रखा जाएगा।



