खेलमनोरंजन

हॉकी वर्ल्ड कप में भारत को पहली हार का सामना, इंग्लैंड ने 4-2 से दी मात

नई दिल्ली. पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में वेल्स के खिलाफ मुकाबला जीतकर टूर्नामेंट का धमाकेदार आगाज करने वाली टीम इंडिया को इंग्लैंड से हार का सामना करना पड़ा है. पूल डी के अपने दूसरे मैच में भारत को इंग्लैंड के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में 2-4 से हार शिकस्त मिली. भारत ने मुकाबले की शुरुआत से ही तेज खेल दिखाया और शुरुआती बढ़त गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए हाफ टाइम तक 2-1 की बढ़त बना ली थी. हालांकि, दूसरे हाफ में इंग्लैंड ने जोरदार पलटवार किया और लगातार तीन गोल दागकर भारत के हाथ से मैच छीन लिया.

अगली टक्कर पाकिस्तान से, जीत जरूरी

इंग्लैंड के खिलाफ हार के बाद भारतीय हॉकी टीम की मुश्किलें बढ़ गई हैं, लेकिन वर्ल्ड कप के अगले दौर में पहुंचने का रास्ता अभी भी उसके हाथ में है. भारत को अब अपने आखिरी ग्रुप मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान का सामना करना है और इस मुकाबले में जीत दर्ज करना टीम के लिए बेहद जरूरी होगी. अगर भारतीय पुरुष हॉकी टीम पाकिस्तान को हरा देती है, तो वह तीन अंक हासिल करके सीधे वर्ल्ड कप के दूसरे ग्रुप स्टेज में जगह बना लेगी. वहीं, मुकाबला ड्रॉ रहने की स्थिति में भारत को इंग्लैंड और वेल्स के बीच होने वाले मैच के नतीजे पर निर्भर रहना पड़ेगा. भारत की उम्मीद तभी कायम रहेगी, जब वेल्स इंग्लैंड को हरा नहीं पाएगा.

हार मिली तो खत्म हो जाएगा सफर

भारत के लिए समीकरण बिल्कुल साफ है. पाकिस्तान के खिलाफ हार उसे वर्ल्ड कप के अगले स्टेज की दौड़ से बाहर कर देगी. ऐसे में इंग्लैंड के खिलाफ मिली हार के बाद अब भारतीय टीम के पास गलती की कोई गुंजाइश नहीं है. टीम को अगले मुकाबले में हर हाल में बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज करनी होगी.

इंग्लैंड ने बनाई थी शुरुआती बढ़त

मुकाबले की शुरुआत दोनों टीमों ने तेज रफ्तार के साथ की. भारत और इंग्लैंड लगातार एक-दूसरे के सर्कल में दबाव बनाने की कोशिश कर रहे थे. 9वें मिनट में इंग्लैंड को वीडियो रेफरल के बाद पेनल्टी कॉर्नर मिला. हालांकि, भारतीय डिफेंस ने इस मौके को गोल में नहीं बदलने दिया. इसके कुछ ही देर बाद भारत को एक और झटका लगा, जब सुमित को ग्रीन कार्ड दिखाया गया और टीम को दो मिनट के लिए 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा. 13वें मिनट में इंग्लैंड ने इसका फायदा उठाया. स्टुअर्ट रुश्मेरे ने लंबे पास को शानदार तरीके से संभाला और निकोलस बैंडुरक को गेंद दी. उन्होंने बिना कोई गलती किए गेंद को भारतीय डिफेंस के पार पहुंचाकर इंग्लैंड को 1-0 की बढ़त दिला दी.

हरमनप्रीत के रॉकेट गोल ने कराई भारत की वापसी

पिछड़ने के बाद भारतीय टीम ने आक्रामक रुख अपनाया. 17वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला और कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने इसे गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की. हरमनप्रीत का शानदार ड्रैग-फ्लिक इतनी तेजी से गोलपोस्ट की ओर गया कि इंग्लैंड के गोलकीपर के पास उसे रोकने का कोई मौका नहीं था. इस गोल के साथ भारत ने मुकाबले में 1-1 की बराबरी कर ली.

दिलप्रीत ने भारत को दिलाई 2-1 की बढ़त

बराबरी के बाद भारतीय टीम का आत्मविश्वास और बढ़ गया. 25वें मिनट में भारत ने शानदार मूव बनाया. हार्दिक सिंह और अभिषेक ने मिलकर इंग्लैंड के डिफेंस को छकाया और गेंद सर्कल के अंदर पहुंचाई. फार पोस्ट पर मौजूद दिलप्रीत सिंह ने मौके का पूरा फायदा उठाते हुए गेंद को गोल में पहुंचा दिया. भारत ने 2-1 की बढ़त हासिल कर ली. पहले हाफ के बाकी समय में इंग्लैंड ने बराबरी की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उन्हें सफलता नहीं मिलने दी. इस तरह भारत 2-1 की बढ़त के साथ ब्रेक पर गया.

दूसरे हाफ में बदला मैच का पूरा रुख

दूसरे हाफ की शुरुआत भारत के लिए अच्छी बढ़त के साथ हुई, लेकिन इंग्लैंड ने जल्द ही मुकाबले का रुख बदल दिया. 38वें मिनट में स्टुअर्ट रुश्मेरे ने शानदार फिनिश करते हुए इंग्लैंड को 2-2 की बराबरी दिला दी. इसके बाद इंग्लैंड का दबाव लगातार बढ़ता गया. 43वें मिनट में हेनरी क्रॉफ्ट ने बेहतरीन अंदाज में गोल दागकर इंग्लैंड को 3-2 से आगे कर दिया. उनके इस गोल ने भारत को मुश्किल स्थिति में डाल दिया.

आखिरी मिनटों में बैंडुरक ने खत्म की उम्मीद

भारत ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन इंग्लैंड के डिफेंस ने लगातार दबाव झेला और अपनी बढ़त को बरकरार रखा. 54वें मिनट में इंग्लैंड को वीडियो रेफरल के बाद पेनल्टी कॉर्नर मिला. अगले ही मिनट बैंडुरक ने शानदार ड्रैग-फ्लिक के जरिए गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया. यह उनका मुकाबले का दूसरा गोल था और इंग्लैंड ने 4-2 की निर्णायक बढ़त हासिल कर ली.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button