लखनऊ में होटल कर्मचारियों और गेस्ट को बनाया बंधक, विदेश मंत्रालय का अधिकारी बताकर घुसे, मारपीट की, दो गिरफ्तार

राजधानी लखनऊ में तुर्किए की महिला की तलाश में दो जालसाजों ने गोमतीनगर स्थित होटल क्रिस्टेलिया में 15 अगस्त की रात छापेमारी की। खुद को विदेश मंत्रालय का सेक्शन अफसर बताकर मैनेजर को अर्दब में लिया। उसे जेल भेजने की धमकी दी। होटल का गेट अंदर से लॉक कर दिया। मैनेजर व अन्य स्टाफ को बंधक बना लिया। रिसेप्शन पर एंट्री रजिस्ट्रर चेक किया। विरोध पर दो कर्मचारियों का गला दबा दिया। होटल के हर एक कमरे को खुलवाकर चेक कराया। होटल मैनेजर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी अमोल मुरकुट के मुताबिक गिरफ्तार जालसाजों में मेरठ के भवानपुर किला रोड का रहने वाला शिवम चौहान, नोएडा सेक्टर 120 प्रतीक लोरेन निवासी अभिनव सिंह है। उनके पास से विदेश मंत्रालय का सेक्शन अफसर लिखा और फोटो लगा हुआ पहचानपत्र भी बरामद हुआ है। दोनों के खिलाफ मुकदमा होटल के मैनेजर सर्वोत्तम पाठक ने दर्ज कराया था। उन्होंने तहरीर देकर बताया कि 15 अगस्त की रात एक कार होटल के गेट पर रुकी। एक व्यक्ति कार में बैठा था। दो लोग निकलकर होटल में पहुंचे। गेट अंदर से बंद कर लिया। सोफे पर बैठकर उन्हें बुलाया। बोले कि वह विदेश मंत्रालय से हैं। अपना पहचानपत्र दिखाते हुए होटल की तलाशी लेने के लिए कहा।
होटल के रिसेप्शन पर की पूछताछ
विरोध पर सभी को जेल भेजने की धमकी दी। दो कर्मचारियों की पिटाई कर दी। उनका गला दबाया। इसके बाद रिसेप्शन पर पहुंचे। वहां के दस्तावेज और एंट्री रजिस्टर ले लिया। दोनों तुर्किए की रहने वाली फिरोजा नाम की महिला के बारे में जानकारी जुटा रहे थे। जबकि वह होटल में रुकी ही नहीं थी। महिला की तलाश में एंट्री रजिस्टर देखा। कई दस्तावेज जब्त कर लिए। इसके बाद हर एक कमरे को खुलवा खुलवा कर तलाशी ली। विरोध पर हाथापाई शुरू कर दी। होटल में अवैध गतिविधियां होने का हवाला देते हुए उच्चस्तरीय जांच कराने के लिए कहा। मैनेजर के मुताबिक घटना से सारा स्टाफ डरा हुआ है। इसके बाद उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। इसके बाद सोमवार को गोमतीनगर पुलिस टीम ने दोनों जालसाजों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से फर्जी दस्तावेज और पहचानपत्र आदि सब बरामद कर लिए।
आरोपियों के पास से क्या-क्या मिला
478 विदेश मंत्रालय भारत सरका के फर्जी आईडी कार्ड (विजिटिंग कार्ड की तरह), एक चेक, तीन फर्जी आधार कार्ड, एक प्लास्टिक का कार्ड विदेश मंत्रालय का गले की पट्टी के साथ, 14 क्रेडिट कार्ड, दो चेकबुक, तीन मोबाइल।
कई सालों से दोनों के संपर्क में थी तुर्किए की महिला
मामले के विवेचक दरोगा प्रेम कुमार के मुताबिक शिवम और अभिनव दोनों कई साल से फिरोज के संपर्क में थे। फिरोजा उनके साथ कई जगहों पर रही थी। उसके पासपोर्ट और वीजा की वैधता समाप्त हो गई थी। फिरोजा के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
घंटों एजेंसियों ने भी दोनों से पूछताछ
तुर्किए की महिला की तलाश में होटल पहुंचे फर्जी अफसरों से एजेंसियों के अधिकारियों ने भी घंटों पूछताछ की। पूछताछ में कई अहम जानकारियां हासिल की। एजेसियों के अफसर मिली जानकारी के आधार पर अपनी रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज रहे हैं।
जब्त कर लिए सभी के फोन, आधे घंटे बंधक बनाए रखे
मैनेजर के मुताबिक जालसाजों ने आधे घंटे करीब उन्हें बंधक बनाए रखा। उनके और स्टाफ के सभी के मोबाइल फोन जब्त कर लिए थे। होटल में अवैध गतिविधियों के नाम पर सभी को जेल भेजने की धमकी दे रहे थे। आधे घंटे न तो किसी को अंदर आने दिया न ही बाहर जाने दिया। इस दौरान कई ग्राहक भी परेशान हुए।



