अपराधउत्तर प्रदेशराज्‍य

’55 टुकड़ों में काट दूंगी तुमको…’, बीवी की धमकी सुन पति के छूटे पसीने, जाने दिया बॉयफ्रेंड के साथ

यूपी के महोबा में हैरान कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक महिला को पबजी खेलते-खेलते पंजाब में रहने वाले एक लड़के से प्यार हो गया। पत्नी के इश्क के बारे में पति को पता चला तो उसने उसे समझाने की कोशिश की। लेकिन महिला पर ऑनलाइन गेमिंग में मिले साथी का ऐसा खुमार चढ़ा था कि उसने पति को 55 टुकड़ों में काटकर ड्रम में भर देने की धमकी दे डाली। आरोप है कि महिला अपने डेढ़ साल के मासूम बेटे पर भी जुल्म ढाने लगी। उसके व्यवहार और हाल में हुई घटनाओं को देखते हुए आखिरकार पति ने अपनी और अपने बेटे की जान बचाने के लिए पत्नी को छोड़ देने का फैसला लिया और उसे प्रेमी के साथ जाने दिया।

महोबा के कोतवाली क्षेत्र के भटीपुरा मोहल्ले के रहने वाले शीलू रैकवार (उम्र 30 वर्ष) मिठाई बनाने का काम करते हैं। शीलू की शादी 2022 में बांदा के मटौंध की रहने वाली आराधना से हुई थी। आराधना को जाने कब पबजी खेलने की लत लग गई थी। गेम खेलते-खेलते ही उसकी दोस्ती लुधियाना के रहने वाले युवक शिवम से हो गई। धीरे-धीरे दोनों की करीबी बढ़ी और उन्हें एक-दूसरे से प्यार हो गया।

शीलू का कहना है कि वह दिन भर दुकान चलाता था और पत्नी घर पर पबजी खेलती रहती थी। धीरे-धीरे उसने पति से दूरी बनानी शुरू कर दी। जानबूझकर उससे झगड़े करने लगी। इतना ही नहीं शीलू का आरोप है कि डेढ़ साल के अपने मासूम बच्चे के साथ भी उसका व्यवहार ठीक नहीं था। शीलू का कहना है कि उसने पत्नी को समझाने की कोशिश की तो उसने जान से मारने की धमकी दे डाली। उनसे साफ-साफ कहा कि यदि प्रेमी और उसके बीच आने की कोशिश की तो 55 टुकड़ों में काटकर ड्रम में भर दूंगी।

इस धमकी से पति शीलू के होश उड़ गए। उसने पत्नी को समझाने की कोशिश की। इसी दौरान पत्नी का प्रेमी शिवम उसके घर पहुंच गया। आरोप है कि उसने शीलू के घर आकर जमकर हंगामा किया। शीलू ने कोतवाली में इसकी शिकायत भी की जिस पर पुलिस ने शिवम का शांतिभंग में चालान कर दिया। उधर, शीलू की पत्नी प्रेमी संग जाने की जिद पर अड़ी रही। अंत में शीलू ने उसे जाने देने का फैसला किया। अराधना, पति और अपने बेटे को छोड़कर प्रेमी के साथ चली गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button