अपराधउत्तर प्रदेशराज्‍य

यूपी में भीषण हादसा; साइकिल सवार को रौंदने के बाद भाग रहा डंपर ई रिक्शा पर पलटा, छह की मौत

उत्तर प्रदेश के बांदा में बुधवार देर शाम भीषण सड़क हादसा हो गया. बिसंडा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने पहले एक साइकिल सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद ग्रामीणों ने ट्रक का पीछा शुरू किया तो चालक तेज गति से ट्रक लेकर भागने लगा. कुछ दूर आगे जाकर ट्रक सवारियों से भरे ई-रिक्शा से टकराकर सड़क पर पलट गया. हादसे में कुल छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोगों में भारी आक्रोश फैल गया. गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम करने की कोशिश की और जमकर हंगामा किया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया. घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया गया.

मौके पर जिलाधिकारी अमित असारी और पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल भी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

बाइक सवार शिक्षक की मौत के बाद बढ़ा हादसा

पुलिस के अनुसार हादसा बिसंडा-ओरन रोड पर हुआ. बताया जा रहा है कि मोरंग से भरा ट्रक बिसंडा की ओर जा रहा था. इसी दौरान साइकिल सवार रिटायर शिक्षक रामेश्वर बीआरसी से लौट रहे थे. ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक का पीछा करना शुरू कर दिया. इसी दौरान चालक तेजी से ट्रक लेकर भागने लगा और कुछ दूरी पर जाकर सवारियों से भरे ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद ट्रक सड़क पर पलट गया, जिससे ई-रिक्शा में सवार पांच लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए.

ट्रक चालक फरार, पुलिस कार्रवाई में जुटी

हादसे के बाद सड़क पर ट्रक पलटने से यातायात बाधित हो गया. पुलिस ने बुलडोजर की मदद से ट्रक को सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया. वहीं ट्रक चालक मौके से फरार बताया जा रहा है.

डीएम अमित आसेरी ने बताया कि 27 मई को थाना बिसंडा क्षेत्र में ट्रक चालक साइकिल को टक्कर मारकर भागने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान ट्रक ई-रिक्शा पर पलट गया, जिसमें छह लोगों की दुखद मौत हो गई. अन्य घायलों का इलाज जारी है और मौके पर पुलिस बल तैनात है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button