एनसीआरनोएडा

बंद गोदाम से अचानक उठने लगा धुआं: नोएडा में शार्ट सर्किट से भीषण आग, टीनशेड काटकर डेढ़ घंटे में पाया काबू

नोएडा: थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के सेक्टर-51 स्थित होशियारपुर की गली नंबर-2 में मंगलवार को एक बंद पड़े इलेक्ट्रॉनिक सामान के गोदाम में भीषण आग लग गई. आग की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. शुरुआत में दो दमकल गाड़ियों को आग बुझाने के लिए भेजा गया, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए अतिरिक्त फायर टेंडर मौके पर बुलाए गए.

मुख्‍य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार चौबे के मुताबिक, आग पर काबू पाने के लिए करीब 16 फायर टेंडरों की मदद ली गई. कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया जा सका. गोदाम में फ्रिज, कूलर समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान रखा हुआ था, जिसकी वजह से आग तेजी से फैल गई.

संकरी गली होने से राहत कार्य में आई परेशानी

सीएफओ ने बताया कि गोदाम एक संकरी गली में स्थित था, जिसके कारण दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा. आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद भी एहतियात के तौर पर एक दमकल गाड़ी मौके पर तैनात रखी गई है, जो कूलिंग का काम कर रही है.

शॉर्ट सर्किट की आशंका

प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट आग लगने की संभावित वजह सामने आ रही है. हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है. गोदाम मालिक को भी घटना की जानकारी दे दी गई है. राहत की बात यह रही कि गोदाम बंद था, जिसके चलते हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button