लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर का आज होगा लोकार्पण, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और CM योगी जनता को करेंगे समर्पित

लखनऊ। आखिरकार इंतजार समाप्त हुआ। ग्रीन कॉरीडोर के दूसरे फेज का शुक्रवार को लोकार्पण होने जा रहा है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी आदित्यनाथ इस प्रोजेक्ट का लोकार्पण कर जनता को समर्पित करेंगे। इस प्रोजेक्ट के शुरू होने से समता मूलक से हनुमान सेतु डालीगंज तक कनेक्टिविटी बेहतर हो जाएगी। इसका सीधा फायदा तीन लाख से अधिक लोगों को मिलने की उम्मीद है। इस मौके पर ग्रीन कॉरीडोर के पहले फेज आईआईएम रोड से डालीगंज का भी लोकार्पण किया जाएगा। एलडीए की ओर से इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
छह लेन रोड और पुल
समता मूलक से निशातगंज तक पुल तैयार किया गया है साथ ही निशातगंज से हनुमान सेतु तक छह लेन रोड भी बनाई गई है। इसका फायदा यह है कि अब समता मूलक से सीधे डालीगंज आसानी से पहुंचा जा सकता है। पहले यहां से गुजरने के दौरान लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता था। इस रूट पर चौराहे भी बनाए गए हैं। पहला चौराहा कुकरैल बायपास से कनेक्टेड हैं, जबकि दूसरा निशातगंज को कनेक्ट करता है। वहीं तीसरा चौराहा हनुमान सेतु पर बनाया गया है।
चार फेज में होना है काम
ग्रीन कॉरीडोर का काम चार फेज में किया जाना है। पहला फेज आईआईएम से डालीगंज, दूसरा डालीगंज से समता मूलक, तीसरा डालीगंज से शहीद पथ और चौथा शहीद पथ से किसान पथ है। जब चारों फेज पूरे हो जाएंगे तो आईआईएम रोड से सीधे किसान पथ पहुंचा जा सकेगा और वो भी बेहद कम समय में।


