अपराधउत्तर प्रदेशराज्‍य

अलीगढ़ में भाजयुमो से जुड़े दो गुटों के बीच अंधाधुंध फायरिंग से फैली दहशत, 3 लोग घायल

अलीगढ़: सोशल मीडिया स्टेटस को लेकर भाजपा युवा मोर्चा के दो गुटों के बीच बड़ा विवाद हो गया. पहले मारपीट हुई, इसके बाद दोनों पक्षों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई. फायरिंग की घटना में तीन युवक घायल हैं, जिन्हें जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन ने बताया कि बन्नादेवी थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली थी. जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष यानी शशांक गुट और हर्षद गुट पहले से ही एक-दूसरे को जानते हैं.

किसी बात को लेकर उनके बीच झगड़ा हुआ. इसमें हर्षद गुट के सानू, शशांक गुट के आयुष शर्मा और सिविल लाइन क्षेत्र के निवासी शोएब घायल हुए हैं. SSP नीरज जादौन ने बताया कि तीनों घायलों की हालत स्थित है. अस्पताल में इलाज चल रहा है.

घटनास्थल के आसपास लगे CCTV की फुटेज खंगाली जा रही है. मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. दोषियों की पहचान करके उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है.

यह था पूरा मामला: जानकारी के मुताबिक बन्नादेवी क्षेत्र के सराय हकीम निवासी हर्षद हिंदू और सासनी गेट क्षेत्र के रहने वाले शशांक पंडित के गुट के बीच विवाद हुआ है. विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया पर लगाए गए एक गाने के स्टेटस को लेकर हुई.

हर्षद गुट के सदस्य द्वारा लगाए गए स्टेटस पर शशांक गुट के मोहित शर्मा ने आपत्ति जताई थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई. मामला गाली-गलौज तक पहुंच गया.

गुरुवार शाम को हर्षद गुट ने मोहित को सामने आकर बात करने के लिए सराय हकीम बुलाया. वहां मोहित ने माफी भी मांगी. आरोप है कि इसके बावजूद हर्षद गुट के लोगों ने उसके साथ मारपीट की.

जब यह जानकारी शशांक पंडित गुट को हुई तो वह भी मौके पर पहुंच गए. इसके बाद दोनों पक्ष से करीब 40 लोग आमने-सामने आ गए. झगड़ा बढ़ा तो एक गुट ने फायरिंग कर दी. इसके बाद दूसरी तरफ से फायरिंग होने लगी. इसी फायरिंग में दोनों गुटों के तीन लोग घायल हो गए.

पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे: घटना की सूचना पर बन्नादेवी, गांधी पार्क और दिल्ली गेट थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची. SSP नीरज जादौन, एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक और क्षेत्राधिकारी द्वितीय धनंजय सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button