ग्रेटर नोएडा: बीटा-2 पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, 25 हजार का इनामी समेत दो स्नैचर घायल

चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में लगी गोली; चोरी की बाइक और दो अवैध तमंचे बरामद
ग्रेटर नोएडा। थाना बीटा-2 पुलिस और चेन स्नैचिंग की घटनाओं में संलिप्त दो बदमाशों के बीच 15/16 नवंबर की रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। इनमें एक बदमाश दीपू उर्फ पप्पू पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के मुताबिक, ढकिया बाबा गोल चक्कर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि दोनों रुकने के बजाय बाइक लेकर भागने लगे। पीछा करने पर उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए।
घायल बदमाशों की पहचान दीपू उर्फ पप्पू निवासी अलीगढ़ और मोनू निवासी हमीरपुर के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में गौतमबुद्धनगर में रह रहे थे। पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।



