खेलमनोरंजन

SA vs BAN: डेब्यू टेस्ट में गोल्डन डक, बांग्लादेशी बल्लेबाज के नाम दर्ज हुआ अनचाहा रिकॉर्ड

टेस्ट क्रिकेट खेलना हर क्रिकेटर का सपना होता है. हर देश से कुछ ही खिलाड़ी होते हैं, जिनका ये सपना पूरा हो पाता है. जिनको ये मौका मिलता है, वो अपने पहले मैच से ही प्रभावित करने की कोशिश और उम्मीद करते हैं. मगर सबका डेब्यू कहां अच्छा होता है. बांग्लादेश के युवा बल्लेबाज महफीजुल इस्लाम भी ऐसे खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं. साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट करियर की शुरुआत कर रहे इस्लाम के लिए ये आगाज किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा. अपने करियर की पहली ही गेंद पर वो आउट हो गए.

जोहानसबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच टेस्ट सीरीज की शुरुआत हुई और ये शुरुआत बेहद हैरतअंगेज रही. बांग्लादेश के लिए अपना टेस्ट डेब्यू कर रहे 22 साल के ओपनर महफीजुल ही सीरीज की पहली गेंद का सामना करने के लिए आए. उनके सामने थे तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा, जिन्होंने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया को दहलाया था. रबाडा की इस आग से महफीजुल भी नहीं बच पाए.

महफीजुल का डरावना टेस्ट डेब्यू

सीरीज में गेंदबाजी की शुरुआत कर रहे कगिसो रबाडा ने पहली ही गेंद पर दाएं हाथ के बल्लेबाज इस्लाम को आउट कर दिया. इस्लाम का कैच स्लिप में मार्को यानसन ने लपका. इस तरह महफीजुल अपने डेब्यू टेस्ट मैच की पहली गेंद पर ही गोल्डन डक का शिकार हो गए. महफीजुल का नाम एक खास लिस्ट में शामिल हो गया और ये लिस्ट बहुत छोटी है. महफीजुल डेब्यू करते हुए टेस्ट मैच की पहली ही गेंद पर 0 पर आउट होने वाले बांग्लादेश के पहले और टेस्ट क्रिकेट इतिहास के सिर्फ चौथे बल्लेबाज बन गए.

डेब्यू पर कई खिलाड़ी अपनी पहली गेंद पर 0 पर आउट हुए हैं लेकिन सिर्फ अपनी ही नहीं बल्कि उस टेस्ट मैच की भी पहली ही गेंद पर सिर्फ 4 बल्लेबाज आउट हुए हैं. महफीजुल से पहले, 1992 में साउथ अफ्रीका के जिमी कुक को कपिल देव ने मैच की पहली गेंद पर आउट किया था. फिर 2001 में वेस्टइंडीज के लियोन गैरिक को डेब्यू मैच की पहली गेंद पर एलन डोनाल्ड ने पवेलियन लौटाया. तीसरी बार 2019 में अफगानिस्तान के अब्दुल मलिक के साथ ऐसा हुआ, जब जिम्बाब्वे के पेसर ब्लेसिंग मुजरबानी ने उनका डेब्यू बिगाड़ते हुए पहली गेंद पर आउट कर दिया था.

रबाडा भी खास क्लब में शामिल

महफीजुल को चोटिल शादमान इस्लाम की जगह टीम में जगह मिली थी लेकिन वो पहली पारी में इसे भुनाने में नाकाम रही. वहीं उन्हें आउट करने वाले रबाडा ने एक खास क्लब में जगह बनाई. रबाडा मेंस टेस्ट मैच की पहली ही गेंद पर विकेट लेने वाले सिर्फ चौथे साउथ अफ्रीकी गेंदबाज बन गए हैं. उनसे पहले बर्ट वोग्लर (1907), एलन डॉनल्ड (2001) और डेल स्टेन (2010) ही यह कारनामा कर सके हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button