व्यापार

एयर इंडिया का बड़ा ऐलान, दिल्ली-मुंबई से न्यूयॉर्क के लिए फिर शुरू होगी नॉन-स्टॉप फ्लाइट, एयरस्पेस की पाबंदियां हटीं

नई दिल्ली। एअर इंडिया ने दिल्ली और मुंबई से न्यूयॉर्क के बीच अपनी नॉन-स्टॉप हवाई सेवाएं फिर से शुरू कर दी हैं। कुछ अंतरराष्ट्रीय एयरस्पेस पर लगी पाबंदियां हटने के बाद एयरलाइन को अब रास्ते में ईंधन भरने के लिए इटली के रोम में टेक्निकल स्टॉप लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

यात्रा के समय में बड़ी कमी

एअर इंडिया ने 15 नवंबर को एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि भारत और न्यूयॉर्क के बीच सभी चार प्रमुख रूटों पर सीधी सेवाएं बहाल कर दी गई हैं। इस फैसले से यात्रियों के सफर के समय में 5 घंटे तक की बड़ी कमी आएगी। पहले जिन उड़ानों में लगभग 22 घंटे का समय लगता था, अब वे करीब 17 घंटे में ही अपना सफर पूरा कर लेंगी।

क्यों लेना पड़ रहा था रोम में स्टॉप?

पिछले साल अप्रैल में पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर दिया था। इसके बाद, ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण मिडिल ईस्ट के कुछ हिस्सों में भी हवाई पाबंदियां लगा दी गई थीं।

इन परिस्थितियों के चलते भारत और उत्तरी अमेरिका के बीच उड़ानों के रूट प्रभावित हुए थे, जिसके कारण दिल्ली और मुंबई से न्यूयॉर्क के जॉन एफ. कैनेडी और नेवार्क लिबर्टी एयरपोर्ट जाने वाली उड़ानों को ईंधन भरने के लिए रोम में रुकना पड़ रहा था।

वैकल्पिक और छोटा रास्ता मिला

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हालांकि पाकिस्तान का एयरस्पेस अब भी बंद है, लेकिन इराक का एयरस्पेस खुलने से एअर इंडिया को वैकल्पिक और छोटा रास्ता मिल गया है, जिससे यात्रा का समय काफी कम हो गया है। वर्तमान में एअर इंडिया दिल्ली और मुंबई से JFK एयरपोर्ट के लिए रोजाना एक-एक उड़ान संचालित करती है।

इसके अलावा, दिल्ली-नेवार्क रूट पर हफ्ते में चार और मुंबई-नेवार्क रूट पर हफ्ते में तीन उड़ानें चलाई जाती हैं।

एअर ट्रैफिक संकट के बीच बहाल हुई सेवा

एअर इंडिया की यह नॉन-स्टॉप सेवा ऐसे समय में शुरू हुई है, जब अमेरिका का विमानन क्षेत्र एक बड़े तकनीकी संकट से उबर रहा है। वहां फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में कम्युनिकेशन की खराबी के कारण 13 नवंबर को पूरे देश में उड़ानों पर रोक लगा दी थी।

यह रोक 4 घंटे से ज्यादा समय तक चली और शुक्रवार शाम करीब 8:15 बजे हटाई गई। जानकारी के मुताबिक, यह तकनीकी खामी तब आई जब एक ठेकेदार पुरानी कॉपर वायरिंग को नई फाइबर वायरिंग से बदल रहा था। इस दौरान एक राउटर पर ज्यादा लोड पड़ने से संचार और रडार फीड बाधित हो गई थी।

फ्लाइट-ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के अनुसार, इस तकनीकी गड़बड़ी के चलते शनिवार को 6,400 से अधिक और रविवार को 800 से ज्यादा उड़ानें रद करनी पड़ीं। हालांकि, FAA प्रशासक ब्रायन बेडफोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अब सिस्टम पूरी तरह स्थिर है और जल्द ही हवाई यातायात सामान्य हो जाएगा।

हवाई यात्रियों को परेशानी

ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि अमेरिका भर के हवाई अड्डों पर यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अपडेट का इंतजार करते हुए यात्री टर्मिनल और विमानों के अंदर ही फंसे रहे।

FAA ने ग्राउंड स्टॉप

को लागू होने के चार घंटे से कुछ अधिक समय बाद हटा लिया, लेकिन इसके कारण अपनी मंजिल तक जाने की कोशिश कर रहे यात्रियों को परेशानी होती रही।

दिल्ली से JFK और नेवार्क के लिए उड़ानें एअर इंडिया के एयरबस A350-900 विमानों से संचालित की जाती हैं। इनमें फुल-फ्लैट बेड वाले 28 बिजनेस क्लास सुइट, 24 प्रीमियम इकोनॉमी सीटें और 264 इकोनॉमी क्लास सीटें हैं।

मुंबई से JFK और नेवार्क के लिए सेवाएं बोइंग 777-300ER विमानों के जरिए संचालित होती हैं। इनमें प्राइवेसी के लिए स्लाइडिंग दरवाजों वाले आठ फर्स्ट क्लास सुइट, 40 फ्लैट-बेड बिजनेस क्लास सीटें और 280 इकोनॉमी क्लास सीटें मौजूद हैं।

एअर इंडिया ने कहा कि नॉन-स्टॉप सेवाओं की बहाली, साथ ही बेहतर विमान और केबिन सुविधाओं से भारत-अमेरिका बाजार में उनकी स्थिति मजबूत होगी और यात्रियों को अधिक सुविधा और बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button