उत्तराखंडराज्‍य

चम्पावत में ‘गोल्ज्यू महोत्सव-2026’ का भव्य आगाज़

चम्पावत। जनपद चम्पावत में आस्था, संस्कृति और परंपरा के प्रतीक ‘गोल्ज्यू महोत्सव-2026’ का शुभारम्भ सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। महोत्सव के पहले दिन श्रद्धा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला।

गौरलचौड़ मैदान स्थित नगर पालिका कार्यालय से श्री गोल्ज्यू मंदिर तक पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं द्वारा निकाली गई कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। यात्रा के दौरान कुमाऊं के प्रसिद्ध छोलिया नृत्य की प्रस्तुति ने लोगों का मन मोह लिया और माहौल को उत्सवमय बना दिया।

श्री गोल्ज्यू महाराज मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना कर महोत्सव का शुभारम्भ किया गया।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने भगवान गोल्ज्यू महाराज से प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना करते हुए महोत्सव की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और जनपद की खुशहाली की कामना की। उन्होंने आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए संबंधित विभागों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।

नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी ने बताया कि मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए महोत्सव के कार्यक्रमों में आवश्यकतानुसार बदलाव किया जा सकता है। इसके लिए महोत्सव समिति के साथ समन्वय कर निर्णय लिए जाएंगे, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा पांडे, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी, उपजिलाधिकारी विपिन पंत सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button