सैनिक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, सिर्फ वर्दी बदलती है… राष्ट्रभक्ति का संकल्प नहीं : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों के कार्यकाल में सैनिकों के साथ हुई कथित अपमानजनक घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था, जब वीर सैनिकों को अपने सम्मान और सुरक्षा के लिए संघर्ष करना पड़ता था। उन्होंने 2016 में कारगिल युद्ध के पूर्व सैनिक गणेश कुमार शुक्ला के साथ हुई मारपीट, 2013 में शहीद लांस नायक हेमराज सिंह के अंतिम संस्कार के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था की कमी और 2015 में मेरठ में लांस नायक वेदमित्र चौधरी की हत्या की घटनाओं का उल्लेख किया।
शनिवार को मेरठ छावनी स्थित कुलवंत सिंह स्टेडियम में पश्चिमी उत्तर प्रदेश सब एरिया की ओर से आयोजित मेगा पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह में मुख्यमंत्री पहुंचे थे। उन्होंने वीर नारियों, वीरांगनाओं, पूर्व सैनिकों और सैन्य परिवारों के त्याग, बलिदान तथा समर्पण को नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेना की सेंट्रल कमांड ने पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को एक मंच पर लाकर वर्तमान पीढ़ी को सेना के प्रति आकर्षित करने और सैन्य परंपराओं से जोड़ने का सराहनीय कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि सैनिकों के सम्मान और सुरक्षा के प्रति तत्कालीन सरकारों की संवेदनशीलता पर सवाल उठते रहे। सैन्य अभियानों पर सवाल उठाकर सैनिकों के पराक्रम को कटघरे में खड़ा करने का प्रयास किया जाता था। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नया भारत अपने सैनिकों को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। आतंकवाद के खिलाफ देश ने निर्णायक कार्रवाई की है।
सैनिक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, वर्दी बदलती है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सैनिक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता। केवल उसकी वर्दी बदलती है, लेकिन राष्ट्रभक्ति और देशसेवा का संकल्प कभी नहीं बदलता। सेना से अवकाश ग्रहण करने के बाद भी सैनिक अपने गांव और समाज के लिए मार्गदर्शक तथा प्रेरणा का स्रोत बनता है। देश के नागरिक इसलिए चैन की नींद सोते हैं, क्योंकि हमारा जवान सियाचिन की बर्फीली चोटियों से लेकर रेगिस्तान की तपती रेत और समुद्र की गहराइयों तक हर मोर्चे पर जागकर देश की सुरक्षा करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश वीरों की भूमि है। प्रदेश में लगभग 20 लाख सैनिकों का विशाल परिवार निवास करता है। देश में प्रतिवर्ष करीब 60 हजार सैनिक सेवानिवृत्त होते हैं, जिनमें 10 से 12 हजार उत्तर प्रदेश के होते हैं। प्रदेश ने नायक जदुनाथ सिंह, परमवीर चक्र विजेता कंपनी क्वार्टर मास्टर हवलदार अब्दुल हमीद, कैप्टन मनोज कुमार पांडे और ग्रेनेडियर योगेंद्र सिंह यादव जैसे वीर सपूत देश को दिए हैं। प्रदेश के हजारों परिवारों में तीन-तीन पीढ़ियां सेना में सेवाएं दे रही हैं।
गाजीपुर का गहमर गांव देश में सर्वाधिक सैनिक देने वाले गांवों में शामिल है। उन्होंने बताया कि राष्ट्र की रक्षा में उत्तर प्रदेश के 2,685 वीर सपूतों ने सर्वोच्च बलिदान दिया है, जबकि दो हजार से अधिक जांबाजों ने अपने शौर्य और पराक्रम से पदक अर्जित किए हैं। मुख्यमंत्री ने इन सभी वीर जवानों और उनके परिवारों को नमन किया।
पहले अपराध और माफिया से होती थी मेरठ की पहचान, अब खेल उद्योग और कनेक्टिविटी से बन रही पहचान
मुख्यमंत्री ने मेरठ के बदलते स्वरूप का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब क्रांति और आस्था की धरती मेरठ की पहचान वाहन चोरी, अवैध कटान, अवैध हथियार और माफिया राज से होने लगी थी। किसान गन्ना भुगतान के लिए परेशान थे। चीनी मिलों पर ताले लगते थे, खेतों को बिजली और नहरों को पानी नहीं मिलता था। खाद के लिए लंबी कतारें लगती थीं और किसान अपने खेतों में जाने से भी डरता था।
उन्होंने कहा कि आज मेरठ अपनी ऐतिहासिक पहचान के साथ नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना के तहत खेल उपकरण उद्योग को नई पहचान मिली है। गन्ना किसानों को रिकॉर्ड भुगतान हुआ है। खेतों में मुफ्त बिजली और नहरों से पानी की सुविधा मिल रही है। मेरठ की कनेक्टिविटी में भी बड़ा बदलाव आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नमो भारत आरआरटीएस कॉरिडोर और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन किया। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और मेरठ से प्रयागराज तक गंगा एक्सप्रेसवे ने भी कनेक्टिविटी को नई गति दी है।
मेजर ध्यानचंद के नाम पर प्रदेश का पहला स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय
मुख्यमंत्री ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय सेना के इस सिपाही ने अपनी हॉकी स्टिक से दुनिया में भारत का तिरंगा लहराया और ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। आज उन्हीं के नाम पर मेरठ में प्रदेश का पहला मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय आकार ले रहा है। यह खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी देने का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
युवाओं को सेना में जाने के लिए तैयार कर रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रक्षा सेवाओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से अलग-अलग क्षेत्रों में सैनिक स्कूलों के निर्माण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान अगले 25 वर्षों को विकसित भारत के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण बताया था। यह लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब देश का प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेगा और युवा पीढ़ी राष्ट्र निर्माण में योगदान देगी।
समारोह में मुख्यमंत्री ने वीर नारियों, वीरांगनाओं और पूर्व सैनिकों के योगदान को सम्मानित करते हुए कहा कि सैनिक परिवारों का त्याग भी उतना ही महत्वपूर्ण है, जितना सीमा पर तैनात जवान का। राष्ट्र इन परिवारों के योगदान को सदैव याद रखेगा। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर और दिनेश खटीक, मध्य कमान के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल संजय मित्रा, मेजर जनरल सुमित राणा, मेजर जनरल अनुपम अग्रवाल, मेजर जनरल प्रशांत नरूका, मेजर जनरल लक्ष्मीकांत मात्रेवाल, मेजर जनरल दीपक शर्मा, ब्रिगेडियर संजय कुमार सिंह, ब्रिगेडियर संजय मिश्रा, सांसद अरुण गोविल, राज्यसभा सदस्य डॉ. लक्ष्मीकान्त वाजपेयी, विधायक अमित अग्रवाल, विधान परिषद सदस्य अश्विनी त्यागी और धर्मेंद्र भारद्वाज, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) शरद विक्रम सिंह, ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) सेतुल कुमार सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैन्य अधिकारी, सैनिक और उनके परिजन उपस्थित रहे।



