राष्ट्रीय

यूपी के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा को अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल की जिम्मेदारी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने डॉ. दिनेश शर्मा को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का उप-राज्यपाल नियुक्त किया है। यह नियुक्ति उनके पदभार संभालने की तारीख से प्रभावी होगी। शनिवार देर रात जारी एक बयान में राष्ट्रपति भवन में बताया गया है कि भारत के राष्ट्रपति डॉ. दिनेश शर्मा को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का उप-राज्यपाल नियुक्त करते हुए प्रसन्न हैं। 62 वर्षीय दिनेश शर्मा इससे पहले उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं। उनका राज्यसभा कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त होने वाला था।

दिनेश शर्मा लखनऊ विश्वविद्यालय में वाणिज्य विभाग में प्रोफेसर रहे और इसके साथ ही वे साल 2006 से मार्च 2018 तक लगातार दो बार लखनऊ के महापौर भी रहे। शर्मा यूपी मेयर काउंसिल के 2007 से मार्च 2018 तक अध्यक्ष भी रहे। दिनेश शर्मा भाजपा संगठन में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समेत विभिन्न पदों पर रह चुके हैं। गुजरात के प्रभारी के अलावा हरियाणा में मुख्यमंत्री व राजस्थान में प्रदेश अध्यक्ष के चयन के लिए पर्यवेक्षक भी रहे। इस के साथ ही वे भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष का पद भी संभाल चुके हैं।

भाजपा के राज्यसभा सांसद रहे

भाजपा नेता दिनेश शर्मा 2017 से 2022 तक उप मुख्यमंत्री के तौर पर माध्यमिक व उच्च शिक्षा के अलावा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रिनिक्स तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की भी जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। उन्होंने 2022 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा था। इसके बाद बीजेपी ने उन्हें राज्यसभा के लिए प्रत्याशी बनाया और वह तब से राज्यसभा के सांसद के तौर पर काम कर रहे थे और अब वे अंडमान निकोबार के उपराज्यपाल की जिम्मेदारी निभाएंगे।

महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाएंगे शर्मा

बंगाल की खाड़ी में स्थित रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण केंद्र शासित प्रदेश अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का प्रशासन लेफ्टिनेंट गवर्नर द्वारा किया जाता है, जो संवैधानिक प्रमुख और प्रशासनिक प्रमुख दोनों की भूमिका निभाते हैं। इस पद पर शासन, विकास और केंद्र सरकार के साथ समन्वय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है, विशेष रूप से सुरक्षा, पर्यटन, अवसंरचना और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्रों में। एडमिरल (सेवानिवृत्त) देवेंद्र कुमार जोशी अक्टूबर 2017 से लेफ्टिनेंट गवर्नर के रूप में कार्यरत हैं। डॉ. शर्मा के शीघ्र ही पदभार ग्रहण करने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button