FLY91 एयरलाइन ने 40 ATR विमानों का ऑर्डर दिया, छोटे शहरों के बीच हवाई संपर्क मजबूत करना लक्ष्य

नई दिल्ली। देश के छोटे और अभी तक कनेक्टिविटी से दूर रहे शहरों तक हवाई सफर को आसान बनाने के लिए क्षेत्रीय एयरलाइन ‘Fly91’ ने एक बहुत बड़ा कदम उठाया है। एयरलाइन ने 40 नए ATR 72-600 टर्बोप्रॉप विमान खरीदने का पक्का ऑर्डर दिया है। विमानन सेक्टर के जानकारों के मुताबिक, हाल के दिनों में इस श्रेणी का यह सबसे बड़ा ऑर्डर है।
कैटलॉग या लिस्ट प्राइस के हिसाब से इस सौदे की कुल कीमत करीब 8300 करोड़ रुपये से ज्यादा बैठती है। हालांकि, इतने बड़े ऑर्डर्स पर एयरलाइंस को कंपनियों की तरफ से भारी छूट भी मिलती है।
फंड जुटाने में जुटी कंपनी
अपने इस बड़े विस्तार और योजना को तेजी से जमीन पर उतारने के लिए Fly91 अपने पुराने और नए निवेशकों से लगभग 250 करोड़ रुपये जुटाने की प्रक्रिया में भी जुटी हुई है।
मौजूदा फ्लीट से दोगुना होगा आकार
बता दें कि इस नए ऑर्डर की खास बात यह है कि इस नए ऑर्डर के बाद Fly91 के पास मौजूद विमानों की संख्या दोगुनी से भी ज्यादा हो जाएगी। फिलहाल यह एयरलाइन छोटे विमानों के जरिए सरकार की ‘उड़ान’ योजना के तहत सिंधुदुर्ग और जलगांव जैसे टियर-2 और टियर-3 शहरों के बीच अपनी सेवाएं दे रही है। इस नए ऑर्डर से देश के दूर-दराज के इलाकों में कनेक्टिविटी का दायरा और ज्यादा मजबूत होगा।
कब से शुरू होगी डिलीवरी?
गौरतलब है कि एयरलाइन के सीईओ मनोज चाको ने पीटीआई को बताया कि इन नए विमानों की डिलीवरी साल 2027 के आखिर से मिलनी शुरू हो जाएगी। कंपनी का लक्ष्य है कि साल 2032 तक सभी 40 विमानों का बेड़ा उसे मिल जाए।
वहीं, एयरलाइन के चेयरमैन हर्षा राघवन ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि लगभग 1 अरब डॉलर की लागत वाले इन 40 विमानों के जुड़ने से देश के क्षेत्रीय विमानन बाजार में Fly91 की स्थिति और मजबूत होगी।



