उत्तर प्रदेशराज्‍य

लखनऊ में ट्रिपल मर्डर के आरोपी ऋषभ शुक्ला के घर फिर चला बुलडोजर, अवैध तमंचा, राइफल और कारतूस मिले

लखनऊ। लखनऊ में सआदतगंज ब्राह्मणी टोला में हुए ट्रिपल मर्डर के आरोपी ऋषभ शुक्ला के घर ध्वस्तीकरण के दौरान लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की टीम को असलहों का जखीरा मिला। असलहों का जखीरा देख एलडीए के अफसरों के होश उड़ गए। इस मामले में फिर एक बार सआदतगंज पुलिस की घोर लापरवाही सामने आई है क्योंकि हत्याकांड के 15 दिन बाद भी पुलिस ने मकान की तलाशी नहीं ली। उधर, असलहों का जखीरा बरामद होने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया। बरामद असलहों में अधिकतर अवैध है। एलडीए की टीम ने देर रात लिखापढ़ी में असलहों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

सआदतगंज के ब्राह्मणी टोला में 26 अक्तूबर की सुबह कार पार्किंग के विवाद में आरएसएस नेता शिवाजी उनके बेटे सुयश और भाई शिवेंद्र की ताबड़तोड़ गोलियां मार कर पड़ोसी ऋषभ ने हत्या कर दी थी। दोनों पक्षों में एक महीने से विवाद चल रहा था। पुलिस ने घटना के अगले दिन ऋषभ उसके पिता समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। ऋषभ के पास से पिस्टल और दो मैगजीन बरामद की थी। हत्याकांड के बाद कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर प्रदर्शन और हंगामा हुआ था।

इसके पुलिस ने उसके चाचा राजेश और बहन दिव्या को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। हत्याकांड के बाद पुलिस ने मकान को सील कर दिया पर तलाशी नहीं ली। दो हफ्ते बाद गुरुवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण की टीम बुलडोजर लेकर मकान को ध्वस्त करने के लिए पहुंची। मकान से सामान बाहर निकाला गया। इसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हुई।

ध्वस्तीकरण के दौरान मकान में टीम को असलहों का जखीरा मिला। एक के बाद एक पांच असलहे और 20 कारतूस मिले। यह देख एलडीए टीम के होश उड़ गए। टीम ने असलहे और कारतूस कब्जे में लिए। उसकी औपचारिकताएं पूरी की गई और पुलिस को सूचना दी गई। देर रात एलडीए की टीम ने असलहों का जखीरा और कारतूस पुलिस के सुपुर्द कर दिए गए। असलहों की बरामदगी की सूचना से मोहल्ले में हड़कंप मच गया। जिसने भी सुना उसके होश उड़ गए कि इतने असलहों को घर में ऋषभ कैसे रखे था? तरह-तरह के सवाल उठने लगे। टीम को एक पिस्टल, एक देसी तमंचा, एक राइफल, एक देसी बंदूक, एक रिवॉल्वर, बीस कारतूस मिले हैं।

असलहों और कनेक्शन की जांच

असलहों का जखीरा बरामद होने के बाद पुलिस के भी होश उड़ गए। चर्चा है कि अब पुलिस हत्यारोपी ऋषभ शुक्ला को रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ करेगी। पुलिस असलहों की जांच कर रही है। दरअसल ऋषभ निशानेबाज था। वह फायरिंग रेंज में भी जाता था। असलहे किस तरह के हैं? कैसे ऋषभ के पास आए? इन तमाम बिंदुओं के पुलिस जवाब तलाश रही है। उससे असलहों के कनेक्शन के बारे में पुलिस पूछताछ करेगी।

जानकारी देने से बचते रहे पुलिस अफसर

असलहों की बरामदगी के बारे में जब इंस्पेक्टर सआदतगंज से बात की गई तो उन्होंने बताया कि असलहे और कारतूस मिले हैं। अभी उनके सुपुर्द नहीं किए हैं। उन्हें संख्या के संबंध में जानकारी नहीं है। बाद में बताया कि चर्चा है कि दो असलहे मिले हैं। हालांकि लिखापढ़ी में सुपुर्दगी मिलने के बाद पुष्टि होगी।

तीन मकानों पर चला बुलडोजर, दो पूरी तरह ध्वस्त

ऋषभ शुक्ला के परिवार के तीन मकानों पर बुधवार को एलडीए का बुलडोजर चला। प्राधिकरण की टीम ने करीब चार हजार वर्गफुट जमीन पर बने तीनों मकानों को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की। देर रात तक दो मकान पूरी तरह जमींदोज कर दिए गए। तीसरे मकान का भी काफी हिस्सा ध्वस्त कर दिया गया। शेष हिस्से पर शुक्रवार को बुलडोजर चलाया जाएगा। कार्रवाई के बाद तीनों मकान रहने और किसी अन्य इस्तेमाल के लायक नहीं रह गए।

पोकलैंड नहीं पहुंची तो जेसीबी से तोड़े मकान

ध्वस्तीकरण की कार्रवाई बुधवार अपराह्न करीब तीन बजे शुरू हुई। एलडीए ने इसके लिए पोकलैंड मशीन मंगाई थी लेकिन संकरी जगह होने के कारण मशीन मकानों तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद जेसीबी से ध्वस्तीकरण शुरू कराया गया। देर शाम करीब साढ़े छह बजे तक एक मकान पूरी तरह गिरा दिया गया था। रात 10 बजे तक दूसरा मकान भी ध्वस्त कर दिया गया। तीसरे मकान में अभी कुछ कार्रवाई शेष है। इसे शुक्रवार को जमींदोज किया जाएगा।

तीनों भाइयों के नाम पर बने थे मकान

एलडीए की कार्रवाई राजेश शुक्ला, दिनेश शुक्ला और गिरीश शुक्ला के मकानों पर हुई। तीनों को आपस में भाई बताया जा रहा है। राजेश शुक्ला का बेटा ऋषभ शुक्ला ट्रिपल मर्डर का आरोपी है। उसने तीन लोगों की गोली मारकर हत्या की थी। घटना के बाद एलडीए ने मौके का सर्वे कराया था। इसमें पता चला कि मकानों की बाउंड्रीवॉल नजूल की जमीन पर बनी हुई थी। इसे हत्या के अगले दिन ही गिरा दिया गया था। हालांकि उस समय मकानों को ध्वस्त नहीं किया जा सका था।

बिना नक्शा पास कराए खड़े कर दिए थे मकान

जांच में सामने आया कि तीनों मकानों के निर्माण के लिए एलडीए से नक्शा स्वीकृत नहीं कराया गया था। इसे अवैध निर्माण मानते हुए प्राधिकरण ने 28 अक्टूबर को ध्वस्तीकरण का नोटिस जारी किया था। आरोपितों को 14 दिन के भीतर खुद अवैध निर्माण हटाने का मौका दिया गया था। निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई तो एलडीए ने खुद मकानों को ध्वस्त कराने का फैसला लिया। बुधवार को अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा, अधिशासी अभियंता मनोज सागर और जोनल अधिकारी माधवेश कुमार समेत प्राधिकरण के कई अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण शुरू कराया गया। देर रात तक टीम मौके पर डटी रही।

मजिस्ट्रेट की निगरानी में निकाला गया सामान

ध्वस्तीकरण से पहले जिला प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए थे। उनकी मौजूदगी में तीनों मकानों से घर का सामान बाहर निकलवाया गया। हर सामान की सूची तैयार कराई गई और उसे सुरक्षित रखवाया गया। पूरी प्रक्रिया मजिस्ट्रेट की निगरानी में हुई ताकि बाद में सामान गायब होने या किसी तरह के नुकसान को लेकर कोई विवाद खड़ा न हो। एक-एक वस्तु की लिस्टिंग कर उसे सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी भी मजिस्ट्रेट को सौंपी गई। एलडीए के अधिकारी देर रात तक ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी कराने में जुटे रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button