एनसीआरनोएडा

नोएडा में बंद कैब में मिला चालक समेत दो युवकों का शव, दम घुटने से मौत की आशंका

नोएडा: दिल्ली से सटे नोएडा सेक्टर-62 के पास संदिग्ध हालत में कार में मिले दो के शव मिलने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि दोनों एसी ऑन करके सो गए थे। जिसके कारण दोनों की दम घुटने से मौत हो गई है। परिवार के लोग तलाशते हुए पहुंचे तो दोनों कार में मृत मिले। परिजनों ने कार का शीशा तोड़ कर दोनों को बाहर निकाला। दोनों टैक्सी ड्राइवर हैं। सेक्टर-58 पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार को थाना सेक्टर-58 क्षेत्रान्तर्गत सेक्टर-62 के पास निजी इंस्टिट्यूट के पास पर एक कार में दो लोगों के शव मिलने की सूचना मिली। सूचना पर तत्काल थाना स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। प्रथम दृष्टया कार में दम घुटने के कारण दो लोगों की मृत्यु होना पाया गया है। दोनों युवक एसी ऑन करके सो गए थे।

मृतकों के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। मृतकों की सचिन (27) पुत्र रामगोपाल शर्मा निवासी प्रेम विहार खोड़ा कॉलोनी गाजियाबाद, लक्ष्मी शंकर (50) पुत्र तुकी राम निवासी खोड़ा कॉलोनी गाजियाबाद के रूप में हुई है। दोनों व्यक्ति आपस में पड़ोसी हैं। मृतकों के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है।

थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि मृतकों के परिजनों ने सोमवार सुबह पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने सेक्टर-62 स्थित काल हूबर स्कूल के पास खड़ी औरा टैक्सी गाड़ी में दो संदिग्ध हालत में शव पड़े मिले। शुरुआती जांच में पता चला कि ये दोनों ड्राइवर हैं और रात को कार की एसी ऑन कर उसमें लेट गए। थोड़े समय बाद ही ये गहरी नींद में चले गए।

सुबह इनके परिजन खोजते हुए मौके पर पहुंच कर गाड़ी का शीशा तोड़कर देखा तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत घटना की जानकरी पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि दोनों चालक आपस में दोस्त हैं। इन दोनों ने रात्रि में शराब का सेवन कर रखा था या नहीं इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button