लखनऊ में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन; पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ ली चाय की चुस्की, आगामी चुनाव पर चर्चा

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को जब लखनऊ पहुंचे तो वह लालबाग स्थित शर्मा की चाय की दुकान पर भी गए। अचानक उन्होंने अपनी गाड़ी रुकवा दी। चाय की चुस्की ली, बन-मक्खन का स्वाद चखा और मौजूद लोगों से सहज बातचीत की। उनका यह संक्षिप्त पड़ाव राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया। उन्होंने चाय की दुकान पर कहा, 2027 का बिगुल बज चुका है। चाय तो घर-घर का विषय है। देश की जनता ने एक चाय बेचने वाले के बेटे को प्रधानमंत्री बना दिया। जिन्होंने कभी उनका मजाक उड़ाया था, वे आज हाशिए पर हैं। इसलिए अब कोई चाय वाले का मजाक नहीं बनाता। राजनीतिक विश्लेषकों की नजर में यह केवल चाय पीने का कार्यक्रम नहीं था, बल्कि राजनीतिक रणनीति थी।
शर्मा की चाय की दुकान पर ली चुस्की
भाजपा लंबे समय से प्रधानमंत्री की चाय वाले वाली पृष्ठभूमि को जनसंपर्क और आम आदमी से जुड़ाव के मजबूत प्रतीक के रूप में प्रस्तुत करती रही है। शर्मा की चाय की दुकान पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का पहुंचना उसी संदेश को आगे बढ़ाने की कोशिश माना जा रहा है। स्वागत समारोह के दौरान नितिन नवीन ने मीडिया से कहा कि उन्हें लखनऊ की धरती पर पाटिलपुत्र की धरती से ज्यादा स्नेह मिला है और वह अभिभूत हैं। उप्र की धरती भगवान श्रीराम, बाबा विश्वनाथ और भगवान कृष्ण की है। लखनऊ पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का क्षेत्र रहा है और यहां कार्यकर्ताओं ने जो प्रेम व सम्मान दिया उसे कभी नहीं भूल सकूंगा। इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार यूपी आए नितिन नवीन का लखनऊ में भव्य स्वागत हुआ।
18 किलोमीटर का रोड शो 2.45 घंटे में पूरा हुआ
अमौसी एयरपोर्ट से भाजपा मुख्यालय तक करीब 18 किलोमीटर का रोड शो दो घंटे 45 मिनट में पूरा हुआ। 42 स्थानों पर पंडाल व 20 भव्य द्वार बनाकर 30 टोलियों ने स्वागत किया। उन्हें क्रेन से 40 फीट ऊंची भव्य माला पहनाई गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष शनिवार सुबह 11 बजे दो दिवसीय सांगठनिक प्रवास पर राजधानी पहुंचे तो मुख्यमंत्री योगी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना सहित मंत्री, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल ने स्वागत किया। वो करीब 11:20 बजे वह एयरपोर्ट से सेवा, सुशासन, जनकल्याण रथ पर निकले। रास्ते भर फूल बरसाए गए। सरोजनी नगर के विधायक राजेश्वर सिंह ने उनका स्वागत किया। ट्रांसपोर्ट नगर मेट्रो स्टेशन के बाहर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डा. रोहित मिश्रा, आलमबाग में नानक चंद लखमानी के नेतृत्व में सिंधी समाज ने जोरदार स्वागत किया।
डेढ़ कुंतल की माला से स्वागत
एयरपोर्ट से ट्रांसपोर्ट नगर, कृष्णा नगर, आलमबाग, चारबाग, हजरतगंज से जब राष्ट्रीय अध्यक्ष का रथ लोकभवन के बाहर पहुंचा तो ओबीसी मोर्चा द्वारा स्वागत अनूठे ढंग से किया गया। क्रेन से करीब 40 फीट ऊंचाई पर लगाए डेढ़ कुंतल के माले को उन्हें पहनाया गया। उन्होंने रथ से माला में सिर डाल अभिवादन स्वीकार किया। स्वागत कार्यक्रम के संयोजक व भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह व महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित अन्य मौजूद रहे।



