एनसीआरग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में फ्यूचर वर्ल्ड बिल्डर के खिलाफ मजदूरों और ठेकेदारों का हल्ला बोल, बकाया भुगतान को लेकर किया घेराव

ग्रेटर नोएडा वेस्ट: ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित फ्यूचर वर्ल्ड ग्रुप के चर्चित आवासीय प्रोजेक्ट फ्यूचर एस्टेट में मंगलवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब सैकड़ों मजदूरों और ठेकेदारों ने बिल्डर के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए साइट का घेराव कर दिया।

मुख्य रूप से ठेकेदार राज कुमार अत्रि के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे मजदूरों और ठेकेदारों का आरोप है कि बिल्डर द्वारा लंबे समय से उनके बकाया भुगतान का निस्तारण नहीं किया जा रहा है, जिसके चलते उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ठेकेदार राज कुमार अत्रि भारतीय सेना के पूर्व सैनिक हैँ, उनका आरोप है कि बिल्डर फ़ौजियों के लिए अपशब्द का इस्तेमाल करता है और जातिसूचक शब्दों का प्रोयाग करके धमकाता है।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि परियोजना में कार्य करने वाले अनेक ठेकेदारों और मजदूरों के करोड़ों रुपये लंबे समय से बकाया हैं। कई बार भुगतान की मांग करने के बावजूद उन्हें केवल आश्वासन ही दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मजदूरों का आरोप है कि जब भी वे अपने बकाया भुगतान की मांग लेकर साइट पर पहुंचते हैं तो उनकी एंट्री रोक दी जाती है तथा उनके साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और धमकी तक दी जाती है।

मौके पर मौजूद कई ठेकेदारों ने आरोप लगाया कि बिल्डर के कर्मचारियों और बाउंसरों द्वारा उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया गया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि कंपनी के मालिक दीपिन अरोड़ा स्वयं मौके पर आकर उनकी समस्याओं का समाधान करें और बकाया भुगतान की स्पष्ट समय-सीमा घोषित करें।

इस दौरान कुछ फ्लैट खरीदारों ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उनका आरोप है कि उन्होंने बिल्डर को निर्धारित राशि का भुगतान कर दिया है, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बाद भी उन्हें फ्लैट का कब्जा नहीं दिया गया। खरीदारों का कहना है कि परियोजना में लगातार देरी और पारदर्शिता की कमी के कारण वे मानसिक एवं आर्थिक रूप से परेशान हैं।

स्थिति को देखते हुए बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे मजदूरों एवं ठेकेदारों को शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों के बीच वार्ता कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने फिलहाल अपना विरोध शांत किया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की मौजूदगी में बिल्डर के स्टाफ और ठेकेदारों के बीच बातचीत जारी थी।

प्रदर्शनकारियों में मुख्य रूप से कॉन्ट्रैक्टर राज कुमार अत्रि,प्रशांत यादव,नीरज यादव, पुष्पेंद्र, विनोद त्यागी, धनपाल आदि लेबर कांट्रेक्टर मौजूद रहे।

गौरतलब है कि हाल ही में नोएडा फेस-2 क्षेत्र में भी मजदूरों का बड़ा आंदोलन देखने को मिला था, जिसमें श्रमिकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया था। उस समय उत्तर प्रदेश सरकार ने हस्तक्षेप करते हुए श्रमिकों की अधिकांश मांगों पर सहमति बनवाई थी और उनके हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए थे।

अब देखना यह होगा कि फ्यूचर वर्ल्ड ग्रुप से जुड़े इस विवाद में प्रशासन और संबंधित विभाग क्या कदम उठाते हैं तथा मजदूरों, ठेकेदारों और फ्लैट खरीदारों की समस्याओं का समाधान कब तक हो पाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button