अपराधउत्तर प्रदेशराज्‍य

बलरामपुर में एक ही परिवार के चार लोगों के शव मिले, युवक ने पत्नी और बच्चों की हत्या के बाद की आत्महत्या

यूपी के बलरामपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां शुक्रवार देर शाम एक युवक ने पत्नी और दो मासूम बच्चों की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने भी खुदकुशी कर ली। चारों लोगों की लाश घर में पड़ी मिली। उधर, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इस घटना को लेकर ग्रामीणों का दावा है कि पूरे परिवार ने एक साथ खुदकुशी की है, जबकि पुलिस हत्या और खुदकुशी दोनों एंगल से जांच में जुटी है। सूचना पर पहुंचे एसपी समेत पुलिस अफसरों ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। एसपी के मुताबिक जांच के बाद ही घटना की सही तस्वीर साफ होगी।

ये घटना देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम झौंहना के मजरा गोसाईंपुरवा का है। शुक्रवार को एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव संदिग्ध हालात में मिलने से हड़कंप मच गया। मरने वालों की पहचान 25 साल के बजरंगी, 22 वर्षीय उसकी पत्नी, एक वर्षीय बेटा और तीन वर्षीय पुत्री के रूप में हुई है। चारों के शव खून से लथपथ घर के भीतर पड़े मिले। घटना का पता चलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते पूरे गांव में मातम छा गया। लोगों को विश्वास नहीं हो रहा था कि कुछ ही घंटों पहले तक जीवित दिखाई देने वाला पूरा परिवार अब मृत अवस्था में मिला। देहात कोतवाली पुलिस ने सबसे पहले पूरे घर को सुरक्षा घेरे में लेकर किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी।

पुलिस ने घर के भीतर और बाहर मौजूद परिस्थितियों का अवलोकन करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाने शुरू किए। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया ताकि वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा सके। वहीं, घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विकास कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच अधिकारियों से जानकारी ली और सभी पहलुओं पर गहन छानबीन के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही कुछ स्पष्ट हो सकेगा। ग्रामीणों के अनुसार बजरंगी अपने परिवार के साथ गांव में रहता था। घटना की सूचना पूरे गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में लोग उसके घर के बाहर जमा हो गए।

पीएम रिपोर्ट के इंतजार में पुलिस

पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह कोई हादसा था, आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इतनी बड़ी घटना आखिर कैसे हुई?

महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव के बुजुर्गों का कहना था कि एक साथ पूरे परिवार की मौत की घटना उन्होंने पहले कभी नहीं देखी। हर किसी की जुबान पर यही सवाल था कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक साथ चार लोगों की जान चली गई। पुलिस ने आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। रिश्तेदारों और परिचितों से भी जानकारी जुटाई जा रही है ताकि परिस्थितियों को समझा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button