उत्तर प्रदेशराज्‍य

सड़क पर न हो बकरीद की नमाज, सीएम योगी ने सार्वजनिक स्थल पर कुर्बानी को लेकर भी चेताया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी त्योहारों और कानून-व्यवस्था को लेकर कड़े तेवर दिखाए हैं. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि सड़क जाम कर नमाज पढ़ने की अनुमति बिल्कुल नहीं होगी. सभी धार्मिक आयोजन केवल उनके परंपरागत और निर्धारित स्थलों पर ही किए जाने चाहिए. बकरीद के मद्देनजर कानून-व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए प्रशासन को संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं.

बकरीद को लेकर जारी हुईं सख्त गाइडलाइंस

त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए हैं. सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी देने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

प्रतिबंधित पशुओं पर जीरो टॉलरेंस 

प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी को लेकर सरकार ने ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाने का आदेश दिया है. नियम न मानने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होगी.

अवैध मांस की बिक्री पर रोक

अवैध स्लॉटर हाउस और खुले में मांस बेचने वालों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं. जनता की समस्याओं के लिए हर ब्लॉक में लगेगी ‘साप्ताहिक चौपाल’. आम जनता की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए सरकार अब सीधे आपके ब्लॉक तक पहुंच रही है.

मौके पर ही होगा समाधान

मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, अब राज्य के हर विकास खंड में साप्ताहिक चौपाल का आयोजन किया जाएगा, ताकि स्थानीय स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का निस्तारण किया जा सके.

शिकायतों में लापरवाही पर कड़ा एक्शन

आईजीआरएस (IGRS) और सीएम हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया है.

भू-माफियाओं और अवैध खनन पर चलेगा हंटर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को साफ चेतावनी दी है कि कानून-व्यवस्था और जनहित के मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई अक्षम्य होगी. इसके साथ ही राज्य में अवैध खनन और भू-माफियाओं के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया है, ताकि अवैध कब्जों और काले धंधे पर पूरी तरह से लगाम लगाई जा सके.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button