अपराधएनसीआरग्रेटर नोएडा

गलगोटिया यूनिवर्सिटी के बीटेक के छात्र ने किया सुसाइड, हॉस्टल के कमरे में फंदे पर लटका मिला शव

ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र स्थित एडब्ल्यूएचओ सोसायटी के भगत सिंह हॉस्टल में एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया. मृतक छात्र गलगोटिया यूनिवर्सिटी में बी.टेक प्रथम वर्ष का छात्र था. उसका शव कमरे के अंदर फंदे से लटका हुआ मिला. घटना की सूचना मिलते ही हॉस्टल परिसर में सनसनी फैल गई और अन्य छात्रों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया.

गौरतलब है कि पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतारा. इसके बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच में जुटी है.

घटना से पहले मृतक ने एक युवती को भेजा था मैसेज

मृतक की पहचान गौरव के रूप में हुई है, जो हरियाणा के रेवाड़ी जिले के जाटू थाना क्षेत्र का निवासी था. वह ग्रेटर नोएडा में हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था. जानकारी के अनुसार, जिस कमरे में वह रहता था, वहां उसके साथ तीन अन्य छात्र भी रहते थे, लेकिन घटना के समय वे सभी छुट्टी पर अपने घर गए हुए थे. गौरव हॉस्टल में अकेला ही रुका हुआ था.

बताया जा रहा है कि गौरव पढ़ाई में मेहनती और शांत स्वभाव का छात्र था. उसके इस कदम से साथी छात्र भी दुखी हैं और किसी को भी इस घटना की आशंका नहीं थी. कि ये ऐसा ही कर सकता है. वहीं प्रारंभिक जांच में पुलिस को प्रेम प्रसंग का संदेह लग रहा है. बताया गया है कि घटना से कुछ समय पहले गौरव ने एक युवती को मोबाइल पर मैसेज भेजा था. हालांकि संदेश क्या था, इसका खुलासा अभी नहीं किया गया है. पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड सीडीआर और मोबाइल डेटा की जांच कर रही है.

परिजनों की ओर से अब तक नहीं आई कोई लिखित शिकायत

वहीं बीटा-2 कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार के अनुसार अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है. सूचना मिलते ही परिजन ग्रेटर नोएडा पहुंचे और पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने पैतृक गांव ले गए. परिजनों ने मीडिया से बातचीत करने से इनकार किया है. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी. पुलिस ने मृतक के दोस्तों से भी पूछताछ की है और हर एंगल से जांच जारी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button