उत्तर प्रदेशराज्‍य

अमित शाह करेंगे यूपी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन, दोपहर ढाई बजे तक पहुंचेंगे लखनऊ

यूपी दिवस-2026 के अवसर पर राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम से पहले उनके दोपहर करीब ढाई बजे भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचकर प्रदेश इकाई के साथ बैठक करने की संभावना जताई जा रही है। इसे लेकर सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

प्रदेश नेतृत्व ने किया मंथन, सभी पहलुओं पर चर्चा

शुक्रवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर गृह मंत्री के दौरे और कार्यक्रम से जुड़ी सभी संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। बैठक में संगठनात्मक और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर तैयारियों पर भी चर्चा हुई।

हवाई अड्डे से कार्यक्रम स्थल तक तय है पूरा शेड्यूल

जानकारी के अनुसार गृह मंत्री अमित शाह दोपहर करीब 12 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। वहां से वे हेलीकॉप्टर द्वारा सीधे राष्ट्र प्रेरणा स्थल जाएंगे और यूपी दिवस-2026 कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रम के बाद ढाई से तीन बजे के बीच उनके भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचने का कार्यक्रम बताया जा रहा है।

राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है दौरा

अमित शाह का यह दौरा राजनीतिक रूप से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वे लंबे समय तक उत्तर प्रदेश के प्रभारी रह चुके हैं और प्रदेश की राजनीतिक एवं भौगोलिक परिस्थितियों की गहरी समझ रखते हैं। हाल ही में केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद यह पहला बड़ा कार्यक्रम माना जा रहा है।

संगठन और मंत्रिमंडल में बदलाव की अटकलें तेज

प्रदेश इकाई के गठन के साथ-साथ राज्य मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलें भी काफी समय से लगाई जा रही हैं। पार्टी को जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने के लिए इस प्रक्रिया में विशेष सावधानी बरतनी होगी। ऐसे में माना जा रहा है कि किसी भी बड़े बदलाव में दिल्ली नेतृत्व की अहम भूमिका देखने को मिल सकती है।

सरकारी कार्यक्रम बताकर संगठनात्मक बैठक से इनकार

हालांकि भाजपा नेताओं का कहना है कि गृह मंत्री अमित शाह का पूरा कार्यक्रम सरकारी है और संगठन के साथ किसी औपचारिक बैठक को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक सूचना नहीं है। इसके बावजूद राजनीतिक हलकों में इस दौरे को लेकर चर्चाएं जारी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button