Aarogya Setu 2.0: अब घर बैठे मिनटों में बुक होगी अस्पताल की OPD पर्ची, फटाफट पास होगा इंश्योरेंस क्लेम; जानें सरकार का नया प्लान

नई दिल्ली। भारत की डिजिटल स्वास्थ्य सेवा में एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा 29 जून (सोमवार) को ‘आरोग्य सेतु’ एप के नए संस्करण (आरोग्य सेतु 2.0) को लांच करेंगे। कोरोना काल में देश को महामारी से बचाने वाला यह कान्टैक्ट-ट्रेसिंग एप अब पूरी तरह बदलकर देशवासियों के लिए ‘पर्सनल हेल्थ रिकार्ड’ का एक मजबूत और विश्वसनीय डिजिटल प्लेटफार्म बनने जा रहा है।
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत यह एप अब देश के लगभग 20 करोड़ उपयोगकर्ताओं को एक ही जगह पर तमाम स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराएगा। एआई तकनीक से सजेगा सेहत का लेखा-जोखा नए आरोग्य सेतु एप की सबसे बड़ी खासियत इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल है।
एप के जरिये लोग अपना ‘आभा’ (आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट) अकाउंट बना सकेंगे और अस्पतालों में ‘स्कैन एंड शेयर’ की सुविधा से मिनटों में डिजिटल रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे।
इसके अलावा, स्मार्टवाच और अन्य वियरेबल डिवाइसेस को एप से जोड़कर दिल की धड़कन, ब्लड ग्लूकोज, कैलोरी और रोजाना के कदमों को भी ट्रैक किया जा सकेगा। एक ही एप में बीमा वालेट और इमरजेंसी सेवाएं इस नए वर्जन में पारदर्शिता का भी पूरा ख्याल रखा गया है।
इसमें ‘प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएम-जय) वॉलेट’ जोड़ा गया है, जिससे आयुष्मान योजना के लाभार्थी अपने परिवार के खर्च और बचे हुए स्वास्थ्य कवर की जानकारी देख सकेंगे। यही नहीं, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) के कर्मियों और निजी बीमा धारकों को भी अपनी पालिसी व क्लेम की जानकारी यहां मिलेगी।
इमरजेंसी और रोजमर्रा की जरूरत के लिए एप में जीपीएस आधारित हास्पिटल, क्लिनिक और डॉक्टर सर्च की सुविधा है। साथ ही, ‘ई-रक्तकोष’ के जरिये ब्लड बैंकों में खून की उपलब्धता देखने और एम्बुलेंस बुक करने की सुविधा भी जोड़ी गई है।
सुरक्षा के लिहाज से इसमें ‘कंसेंट मैनेजमेंट’ सिस्टम है, यानी यूजर की मर्जी के बिना उसका हेल्थ डाटा किसी से शेयर नहीं किया जा सकेगा। यह एप अब हर भारतीय परिवार के लिए डिजिटल सुरक्षा कवच बनने को तैयार है।



