
12 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद, ऑनलाइन डिलीवरी कंपनी के नाम वाले पैकेटों में छिपाकर करते थे सप्लाई; दिल्ली-NCR के फ्लैटों, पीजी, हॉस्टल और कॉलेजों तक पहुंचाया जा रहा था नशा।
नोएडा। गौतमबुद्धनगर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सेक्टर-58 नोएडा पुलिस ने व्हाट्सएप के माध्यम से गांजे की तस्करी और बिक्री करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 12 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 42 प्रिंटेड पैकेट बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की सहायता से कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मेडिसन कट, सेक्टर-57 नोएडा से सुमित राघव को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके बैग से ऑनलाइन डिलीवरी कंपनी का नाम लिखे छोटे-छोटे पैकेट मिले। इन पैकेटों को खोलने पर 1 किलो 900 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
व्हाट्सएप पर ऑर्डर, ऑनलाइन पेमेंट और लोकेशन के आधार पर डिलीवरी
पूछताछ में आरोपी सुमित ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी मनीष कुमार झा से गांजा प्राप्त करता था और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में फ्लैटों, पीजी, हॉस्टल तथा कॉलेजों में रहने वाले युवकों को उनकी मांग के अनुसार सप्लाई करता था। इसके लिए व्हाट्सएप के माध्यम से ऑर्डर और लोकेशन ली जाती थी, जबकि गांजे की कीमत का भुगतान ऑनलाइन किया जाता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने और किसी को शक न होने देने के लिए गांजे को ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियों के नाम वाले पैकेटों में 25 से 30 ग्राम की छोटी-छोटी मात्रा में पैक करने का तरीका अपनाया था।
टेक्निकल इंजीनियर निकला गांजे का सप्लायर
पूछताछ में सामने आए दूसरे आरोपी मनीष कुमार झा को पुलिस ने ईएसआई कॉलोनी, सेक्टर-56 नोएडा के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 10 किलो 300 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, मनीष टेक्निकल इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों के एक अन्य साथी अमित का नाम भी सामने आया है, जो गांजा तस्करी के मामले में पहले से ही गुवाहाटी (असम) की जेल में बंद है।
दोनों गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
सुमित राघव (36 वर्ष) पुत्र यशपाल सिंह, मूल निवासी ग्राम भोजपुर, थाना बहजोई, जिला संभल। वर्तमान निवासी सरस्वती विहार, खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद।
मनीष कुमार झा (33 वर्ष) पुत्र परमानंद झा, मूल निवासी ग्राम कल्याणपुर, थाना विभूतिपुर, जिला समस्तीपुर, बिहार। वर्तमान निवासी सैनिक विहार, खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद।
पुलिस ने क्या-क्या किया बरामद?
कुल 12 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा।
एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नंबर यूपी16ईके-8771।
एक रियलमी मोबाइल फोन।
एक रेडमी मोबाइल फोन।
42 प्रिंटेड पैकेट।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
इस मामले में थाना सेक्टर-58 नोएडा में मु0अ0सं0 385/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
गौतमबुद्धनगर पुलिस की इस कार्रवाई ने ऑनलाइन माध्यम से संचालित गांजा तस्करी के तरीके को उजागर किया है। अब पुलिस की जांच में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और इसकी सप्लाई चेन के संबंध में और जानकारी सामने आने की संभावना है।



