अपराधएनसीआरग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा: इंस्पेक्टर के बेटे की गाड़ी का चालान काटना ट्रैफिक हेड कांस्टेबल को पड़ा भारी! कार्रवाई पर उठे सवाल

सूरजपुर घंटा चौक पर नंबर प्लेट पर कागज चिपकी क्रेटा का काटा था 30 हजार रुपये का चालान, हेड कांस्टेबल नकुल लाइन हाजिर और निलंबन की कार्रवाई की खबर से मामला चर्चा में।

ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर घंटा चौक से पुलिस विभाग में कथित रसूख और विभागीय कार्रवाई को लेकर एक मामला सामने आया है। आरोप है कि इंस्पेक्टर के बेटे की गाड़ी का चालान काटने वाले ट्रैफिक हेड कांस्टेबल नकुल को ही कार्रवाई का सामना करना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक, 16 नवंबर को ड्यूटी के दौरान हेड कांस्टेबल नकुल ने एक हुंडई क्रेटा कार को रोका। कार की आगे और पीछे की नंबर प्लेट पर सफेद कागज चिपका हुआ था, जिससे नंबर दिखाई नहीं दे रहे थे। यातायात नियमों के उल्लंघन पर उन्होंने करीब 30 हजार रुपये का चालान काट दिया।

आरोप है कि चालान कटने के बाद कार चालक ने हेड कांस्टेबल से बहस की और अपने पिता को फोन कर दिया। बताया जा रहा है कि चालक के पिता नॉलेज पार्क कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार हैं।

हेड कांस्टेबल नकुल का आरोप है कि इंस्पेक्टर के मौके पर पहुंचने के बाद उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। मामले में एसओजी टीम के मौके पर पहुंचने की भी बात सामने आई है।

रिपोर्ट के मुताबिक, कार प्रतिबंधित श्रेणी की बीएस-4 डीजल गाड़ी थी और पहले भी उसका चालान हो चुका था। इस बार करीब 30 हजार रुपये का चालान किया गया।

मामला अधिकारियों तक पहुंचने के बाद हेड कांस्टेबल नकुल और इंस्पेक्टर विनोद कुमार को डीसीपी ट्रैफिक कार्यालय बुलाया गया। इसके बाद हेड कांस्टेबल के खिलाफ लाइन हाजिर और निलंबन की कार्रवाई किए जाने की खबर सामने आई।

दूसरी ओर, इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने सफाई देते हुए कहा कि उनका बेटा उनकी निजी गाड़ी लेकर गया था। यातायात नियमों के उल्लंघन पर 30 हजार रुपये का चालान किया गया है। उन्होंने हेड कांस्टेबल से अभद्रता के आरोपों को निराधार बताया।

डीसीपी ट्रैफिक सैय्यद अली अब्बास के मुताबिक, पूरे मामले की जांच एडीसीपी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने नियमों के उल्लंघन पर चालान काटा था, तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई किन परिस्थितियों में हुई? क्या कार्रवाई की वजह ड्यूटी के दौरान कोई अलग अनुशासनात्मक मामला था? इन सवालों का जवाब जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button