अमेरिका: फ्लाइट्स पर लगी रोक हटाई गई, परिवहन सचिव ने बताई परेशानी की वजह

वाशिंगटन। अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने शुक्रवार दोपहर (स्थानीय समयानुसार) देशभर के सभी हवाई अड्डों से उड़ानें अस्थायी रूप से रोक दीं। वजह बताई गई है कि क्षेत्रीय एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटरों में संचार संबंधी समस्याएं हैं। एफएए ने कहा कि यह कदम असाधारण परिस्थितियों और सुरक्षा कारणों से उठाया गया है।
रॉयटर के मुताबिक, अमेरिका में लगभग 500 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित हुई हैं और हजारों यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए हैं।
एफएए ने अपने बयान में कहा कि लगभग चार घंटे बाद अपना देशव्यापी ‘ग्राउंड स्टॉप’ आधिकारिक तौर पर हटा लिया है। इसके साथ ही वह दुर्लभ शटडाउन खत्म हो गया है, जिसने पूरे अमेरिका में हवाई यात्रा को ठप कर दिया था।
एजेंसी ने रात 8:30 बजे (ET) के तुरंत बाद इस फैसले की घोषणा की, लेकिन यह अभी भी साफ नहीं है कि फ्लाइट शेड्यूल कब तक सामान्य हो पाएंगे। अधिक जानकारी के लिए बायो में दिए गए लिंक पर जाएं।
परिवहन सचिव सीन डफी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि एयर रूट ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर्स को प्रभावित करने वाली संचार समस्या के कारण नेशनल ग्राउंड स्टॉप जारी किया गया है। एफएए के तकनीशियन मामले की जांच कर रहे हैं।
ग्राउंड स्टॉप के तहत जमीन पर खड़े विमानों को उड़ान भरने की अनुमति नहीं है, जबकि हवा में पहले से उड़ रहे विमानों को सुरक्षित लैंडिंग की इजाजत है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का प्रबंधन केस-बाय-केस आधार पर किया जा रहा है।
फ्लाइटअवेयर के अनुसार करीब 7,000 उड़ानें विलंबित या रद हुईं। होमलैंड सिक्योरिटी सचिव मार्कवेन मुलिन ने कहा कि अभी तक कोई संकेत नहीं मिला है कि यह कोई दुर्भावनापूर्ण हमला है। उन्होंने इसे टेलीकम्युनिकेशन आउटेज बताया और यात्रियों को आश्वस्त किया कि सभी उड़ानें सुरक्षित हैं तथा लोगों को घबराने की जरूरत नहीं।
यह 11 सितंबर 2001 के हमलों के बाद दूसरी बार है जब पूरे देश में ग्राउंड स्टॉप लगाया गया है। पिछली बार जनवरी 2023 में एफएए के कंप्यूटर सिस्टम में खराबी के कारण ऐसा हुआ था।
कनाडा सहित कई देशों के हवाई अड्डों पर भी अमेरिका जाने वाली उड़ानें प्रभावित हुईं। टोरंटो पियर्सन एयरपोर्ट ने अमेरिकी उड़ानें रोक दीं।
FAA ने कहा कि सावधानी बरतते हुए सभी उड़ानें रोक दी गई हैं और स्थिति सामान्य होने पर अपडेट दिए जाएंगे। समस्या का समाधान कब तक होगा, इस पर अभी कोई स्पष्ट समयसीमा नहीं बताई गई है।



