ग्रेटर नोएडा में गंदे पानी और मिलावट से बन रही थीं मिठाइयां, 2 दुकानों के लाइसेंस सस्पेंड

दिवाली से पहले ग्रेटर नोएडा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई की दुकानों और निर्माणशालाओं पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान दो जगहों पर रसगुल्लों में मक्खी-मच्छर मिलने पर 360 किलो रसगुल्ला नष्ट कराया गया। टीमों ने मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों के 9 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि सोमवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता और रितु सक्सैना की टीम ने जोधपुरवाला की मिठाई निर्माणशाला से केसर चमचम और लड्डू के नमूने लिए।
दो जगहों पर मिला दूषित रसगुल्ला
वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह और अमर बहादुर सरोज की टीम ने देवला स्थित सोनू पाल की रसगुल्ला निर्माणशाला से दूध, छेना और रसगुल्ला के नमूने लिए। यहां करीब 300 किलो रसगुल्लों में मक्खी-मच्छर पाए गए। विभाग ने इन्हें प्रदूषित और पहली नजर में खाने के लिए अनुपयुक्त मानते हुए नष्ट करा दिया।
इसी टीम ने तिलपता कर्णवास, दादरी में मुलायम सिंह की मिठाई निर्माणशाला से बूंदी के लड्डू और रसगुल्ला के नमूने लिए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविंद्र नाथ वर्मा और विजय बहादुर पटेल की टीम ने गढ़ी बावन बीघा, दनकौर स्थित कृष्णा स्वीट भंडार से छेना रसगुल्ला और डोडा बर्फी के नमूने लिए। यहां भी 60 किलो छेना रसगुल्ला में मक्खी-मच्छर मिले। विभाग ने इसे भी खाने के लिए अनुपयुक्त मानते हुए नष्ट करा दिया।
विक्रेताओं को दिए गए निर्देश
विभाग ने सभी 9 नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। खाद्य विक्रेताओं को लाइसेंसी या पंजीकृत आपूर्तिकर्ताओं से ही सामान खरीदने और उसका बिल रखने की हिदायत दी गई है। साथ ही निर्माण की तारीख और बैच नंबर देखकर ही खाद्य सामग्री खरीदने और बेचने को कहा गया है।
सर्वेश मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर आगे भी जांच अभियान चलाया जाएगा और खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जाएंगे।



