
नोएडा के सेक्टर-63 में रविवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि उनके दो साथियों को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। चारों आरोपी लिफ्ट देने के बहाने लोगों को गाड़ी में बैठाकर लूटपाट करते थे।
घायल बदमाशों की पहचान दिल्ली के मीठापुर निवासी विकास उर्फ कालू उर्फ कल्लू (27) और नोएडा के बसई निवासी राजेश उर्फ ढेडा (38) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से तमंचे, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद की हैं। गिरफ्तार किए गए अन्य दो आरोपियों की पहचान शंकर शर्मा और कपिल कश्यप के रूप में हुई है।
सेक्टर-62 गोल चक्कर पर पुलिस ने रोका
डीसीपी प्रवीन रंजन ने बताया कि रविवार रात सेक्टर-62 गोल चक्कर के पास पुलिस की चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोग आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी बाइक मोड़कर भागने लगे।
पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। बहलोलपुर अंडरपास से ग्रीन बेल्ट सर्विस रोड पर पहुंचने के बाद बदमाशों ने खुद को घिरा देखकर पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें विकास और राजेश घायल हो गए।
दो मुकदमों से जुड़ी हैं बरामद बाइक
पुलिस ने विकास और राजेश के कब्जे से दो अवैध तमंचे और चार कारतूस बरामद किए हैं। इनके पास मिली बुलेट मोटरसाइकिल थाना फेस-3 में दर्ज एक मुकदमे से संबंधित है।
वहीं, शंकर शर्मा और कपिल कश्यप के पास से दो अवैध चाकू बरामद हुए हैं। इनके कब्जे से मिली अपाचे मोटरसाइकिल थाना सेक्टर-49 में दर्ज मुकदमे से जुड़ी है।
लिफ्ट देने के बहाने लोगों को फंसाते थे
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी सड़क पर आने-जाने वाले लोगों को लिफ्ट देने का झांसा देते थे। इसके बाद उन्हें अपनी गाड़ी में बैठा लेते थे। रास्ते में मौका देखकर उनके साथ लूटपाट करते और सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो जाते थे।
20 से ज्यादा मुकदमे दर्ज
पुलिस के मुताबिक, विकास के खिलाफ नोएडा के अलग-अलग थानों में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। राजेश के खिलाफ भी लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 18 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
वहीं, शंकर शर्मा के खिलाफ चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।



