मनोरंजनसिनेमा

रकुल प्रीत सिंह और प्रोड्यूसर वाशु भगनानी से जुड़े 12 जगहों पर इनकम टैक्स का छापा, जानें पूरा मामला

मुंबई में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बॉलीवुड एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह, उनके ससुर और फिल्म प्रोड्यूसर वाशु भगनानी और पैनोरमा स्टूडियो से जुड़ी 12 जगहों पर छापेमारी की है। विभाग को फंड में गड़बड़ी के शक को लेकर ट‍िप मिली थी, जिसके बाद एक दर्जन जगहों पर तलाशी शुरू की गई है। जांच अध‍िकारियों का मानना ​​है कि फिल्म प्रोजेक्ट्स को फाइनेंस करने के नाम पर कथित तौर पर विदेश में पैसा भेजा जा रहा है। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का यह सर्च ऑपरेशन टैक्स चोरी और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में है।

व‍िदेशी लेन-देन के कागजात खंगाल रहे आयकर व‍िभाग के अध‍िकारी

मुंबई इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की कई टीमें अभी डॉक्यूमेंट्स, फाइनेंशियल रिकॉर्ड्स और कथित विदेशी लेन-देन की डिटेल्स की जांच कर रही हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि आयकर विभाग को बीते कुछ समय से जानकारी मिल रही थी कि फिल्म की शूटिंग, विदेशी डिस्ट्रीब्यूशन और प्रोडक्शन के नाम पर बड़ी रकम विदेश भेजी जा रही थी।

सर्च ऑपरेशन के बाद आयकर विभाग जारी करेगी बयान!

रेवेन्यू टैक्स की जांच अभी चल रही है। उम्मीद है कि जांच पूरी होने के बाद आयकर विभाग वित्तीय गड़बड़ियों से जुड़ी अहम जानकारी शेयर कर सकता है। रकुल प्रीत सिंह की शादी जैकी भगनानी से हुई है जो वाशु भगनानी के बेटे हैं। वाशु भगनानी पूजा फिल्‍म्‍स के नाम से प्रोडक्‍शन कंपनी चलाते हैं। उनका प्रोडक्शन बैनर ‘पैनोरमा स्टूडियोज’ भी है, जिसके तहत कई हिट फिल्में बनी हैं। इनमें अजय देवगन की ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी भी शामिल है।

वाशु भगनानी की फिल्‍में और हालिया विवाद

वाशु भगनानी ने ‘कुली नंबर 1’ (1995), ‘बड़े मियां छोटे मियां’ (1998), ‘रहना है तेरे दिल में’ और ‘मिशन रानीगंज’ जैसी फिल्में प्रोड्यूस की हैं। बीते कुद समय में वह ‘बड़े मियां छोटे मियां’ (2024) के डायरेक्‍टर अली अब्‍बास जफर के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद में रहे हैं। इसी साल वाशु भगनानी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ के गानों और सीन्‍स को लेकर टिप्‍स फिल्‍मस के साथ कॉपीराइट विवाद में भी उलझे थे।

‘रामायणम्’ में नजर आएंगी रकुल प्रीत सिंह, शूर्पणखा का रोल

जहां तक रकुल प्रीत सिंह की बात है, वह इन दिनों नितेश तिवारी की ‘रामायणम् पार्ट 1’ में शूर्पणखा के रोल को लेकर चर्चा में हैं। यह फिल्म इस साल के सबसे चर्चित प्रोजेक्ट्स में से एक है, जिसमें रणबीर कपूर ने भगवान राम, साई पल्लवी ने मां सीता, रवि दुबे ने लक्ष्मण और यश ने रावण का रोल निभाया है। ‘रामायणम्’ इसी साल दिवाली के मौके पर 6 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

ड्रग्‍स केस में रकुल प्रीत सिंह के भाई का आया था नाम

पिछले साल दिसंबर 2025 में मुंबई पुलिस ने ड्रग्स के एक मामले में रकुल प्रीत सिंह के भाई अमन प्रीत सिंह की तलाश शुरू की थी। 19 दिसंबर, 2025 को ड्रग लॉ एनफोर्समेंट (EAGLE) फोर्स की एलीट एक्शन ग्रुप और वेस्ट जोन पुलिस के ऑपरेशन में, ड्रग्स बेचने के आरोप में दो बिजनेसमैन को गिरफ्तार किया गया था। उनके पास से 43 ग्राम कोकीन और 11.5 ग्राम MDMA जब्त किया गया। शक था कि अमन प्रीत सिंह ने उन दो ड्रग तस्‍करों से पांच बार अवैध नशीले पदार्थ खरीदे थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button