अपराधउत्तर प्रदेशराज्‍य

हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या, ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे’ के गायक को जिम के बाहर भून डाला

शामली: उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बुधवार शाम हरियाणवी गायक और यूट्यूबर अंकित जिम से बाहर निकले थे। इसी दौरान घात लगाए बदमाशों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। मामले में सामने आया है कि हमलावरों ने गायक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसमें अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल अंकित को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दावा किया जा रहा है कि अस्पताल ले जाने के रास्ते में ही गायक ने दम तोड़ दिया।

‘गोली मारेंगे’ गाने से चर्चा

अंकित बालियान हरियाणवी कला जगत में जाना-माना नाम थे। हरियाणवी संगीत के साथ सोशल मीडिया पर भी वे काफी सक्रिय थे। अंकित ने ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ गाने से खूब सुर्खियां बटोरी थी। अंकित ने तीन साल पहले वर्ष 2023 में शामली में एक बड़ा रोड शो किया था। इसमें उन्हें बंतीखेड़ा का रहने वाला हरियाणवी कलाकार बताया गया था।

राजनीति में उतरने की चर्चा

अंकित बालियान के राजनीतिक मैदान में उतरने की चर्चा हो रही थी। दावा किया है कि वे जिला परिषद चुनाव की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच इस घटना ने शामली में सनसनी मचा दी है। अंकित के हत्या की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में प्रशंसक जुट गए। हत्या के कारणों को लेकर अब तक कोई खुलासा सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही इस संबंध में कोई बात सामने आएगी।

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले में सामने आया है कि बुधवार शाम जिम सेशन फिनिश करने के बाद अंकित बालियान बाहर आए थे। इसी दौरान उन पर हथियारबंद बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल अंकित को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचने पर जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना को लेकर पुलिस की जांच शुरू हुई है।

पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया है। मौके से सबूत जुटाए जा रहे हैं। वहीं, पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू किया है। आरोपियों की पहचान और उन्हें गिरफ्त में लेने के लिए पुलिस की ओर से प्रयास तेज किए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button