दिल्ली से आगरा लौट रहे मुनीम से हाईवे पर सोने-चांदी के गहने की लूटपाट, थोड़ी देर के लिए रोकी थी कार

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती कार में ड्राइविंग सीट बदलना एक ज्वेलर्स के मुनीम को भारी पड़ गया। हथियारबंद बदमाशों ने मौका मिलते ही कार सवार से लाखों रुपये मूल्य की कच्ची चांदी से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। बीटा-2 कोतवाली पुलिस इस पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध मान सभी पहलुओं पर मामले की जांच कर रही है।
दिल्ली निवासी एक ज्वेलर्स का मुनीम राम कुमार शर्मा रविवार सुबह अपने एक साथी के साथ कार से कच्ची चांदी लेकर आगरा जा रहे थे। यमुना एक्सप्रेसवे पर लगभग दो किलोमीटर माइल स्टोन के पास दोनों ने कार रोककर ड्राइविंग सीट बदलने का फैसला किया। इसी दौरान उन्होंने चालक की सीट से उतरकर अपने साथी को वाहन चलाने के लिए बैठाने लगे। तभी बाइक पर सवार बदमाश वहां पहुंच गए। बदमाशों ने हथियार दिखाकर उन्हें धमकाया और कार में रखा चांदी से भरा बैग छीन लिया। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। बैग में लाखों रुपये मूल्य की कच्ची चांदी थी, जिसे आगरा ले जाकर वहां आभूषण तैयार कराए जाने थे।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जिससे बदमाशों की पहचान की जा सके। कोतवाली पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शिकायतकर्ता की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), यात्रा के पूरे रूट, मोबाइल लोकेशन और एक्सप्रेसवे के सीसीटीवी फुटेज का मिलान किया जा रहा है। वहीं एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।


