ग्रेटर नोएडा में पिटबुल के हमले से महिला घायल, RWA ने पार्क में कुत्तों की एंट्री पर लगाई रोक

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर डेल्टा 1 स्थित बी ब्लॉक के पार्क में रविवार सुबह के दर्दनाक घटना सामने आई. यहां अपने पालतू कुत्ते को टहला रही महिला पर दूसरे व्यक्ति के पिटबुल ने अचानक से हमला कर दिया. हमले के दौरान पिटबुल ने महिला का बाया हाथ अपने जबड़े में जकड़ कर लिया. करीब 10 से 15 मिनट तक महिला दर्द से चीखती रही और आसपास मौजूद लोग उसे बचाने की कोशिश करते रहे.
काफी मशक्कत के बाद किसी तरह महिला को पिटबुल के चुंगल से छुड़ाया गया. इस हादसे में महिला के हाथ में करीब 12 टांके आए हैं. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. सेक्टर के निवासियों ने इस हादसे के बाद चिंता जताई है. सेक्टर में रहने वाले लोगों का कहना है कि पार्क में छोटे बच्चे, महिलाएं और बड़े बुजुर्ग भी टहलने आते हैं. अगर ऐसे में कोई व्यक्ति पिटबुल जैसी खतरनाक नस्ल के कुत्ते को पार्क में टहलने लाता है, तो यह ठीक नहीं है.
बीच बचाव करना पड़ा भारी
सेक्टर डेल्टा 1 के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रमोद भाटी के अनुसार, महिला अपने पालतू कुत्ते को लेकर पार्क में टहल रही थी. उसी समय एक अन्य निवासी अपने पिटबुल को लेकर वहां पहुंचा. दोनों कुत्ते आमने-सामने आ गए, जिससे वह आक्रामक हो गए. महिला ने बीच बचाव कर कुत्तों को अलग करने की कोशिश की, लेकिन पिटबुल ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उनका हाथ जबड़े में दबोच लिया. उन्होंने बताया कि पार्क में टहल रहे अन्य लोग भी मौके पर महिला को बचाने आए. करीब 10 से 15 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद पिटबुल ने महिला का हाथ छोड़ा. घटना के बाद पार्क में अफरा तफरी मच गई.
इलाज का खर्च उठाने पर बनी सहमति तो हुआ समझौता
प्रमोद भाटी ने बताया कि घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया. दूसरे पक्ष ने इलाज में सहयोग करने की बात कही है, इसलिए फिलहाल किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई की मांग नहीं की गई है. घटना के बाद सेक्टर के सभी पार्कों में कुत्तों के प्रवेश पर रोक लगाने का फैसला लिया गया है. साथ ही बिना मंजूरी के कुत्तों को सार्वजनिक स्थान पर घूमने वालों पर 1000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है. वहीं गौतम बुद्ध नगर प्रशासन पहले ही 23 खतरनाक नसों के कुत्तों के प्रजनन और बिक्री पर प्रतिबंध लगा चुका है. इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आने से लोगों में डर और नाराजगी बढ़ रही है.


