अपराधएनसीआरग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा के दनकौर में रिश्तों की जंग! 6 महीने से बेटी से दूर मां ने ससुराल की चौखट पर शुरू किया धरना

ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र के देवटा गांव में एक महिला अपनी आठ वर्षीय बेटी से मिलने की मांग को लेकर पति के घर के बाहर धरने पर बैठ गई। यह घटना रविवार शाम करीब 6:30 बजे हुई। पुलिस अधिकारी देर रात तक महिला को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह बेटी से मिले बिना धरना समाप्त करने को तैयार नहीं हुई। समाचार लिखे जाने तक महिला धरने पर थी।

महिला का आरोप है कि उसका पति पिछले लगभग छह महीने से बेटी को उससे दूर रखे हुए है और उसे मिलने नहीं दे रहा है। महिला ने अपनी बेटी से मिलने के लिए कई बार प्रयास किया, लेकिन हर बार पति बच्ची को दूसरी जगह ले जाकर छिपाता रहा।

दादरी के खेड़ा धर्मपुरा निवासी सुभाष मावी ने बताया कि उनकी बहन मधु की शादी करीब 10 साल पहले देवटा गांव निवासी एक युवक से हुई थी। दंपति की एक आठ वर्षीय बेटी है। परिवार पहले बेंगलुरु में रहता था। आरोप है कि करीब छह महीने पहले पति गुरुग्राम में नौकरी का बहाना बनाकर बेटी को अपने साथ ले आया।

जब महिला बेटी को लेने और उससे मिलने के लिए ससुराल पहुंची, तो उसे घर से भगा दिया गया। रविवार को महिला एक बार फिर अपनी बेटी को साथ ले जाने के लिए पति के घर पहुंची। आरोप है कि उसे घर के बाहर ही रोक दिया गया, जिसके बाद वह वहीं धरने पर बैठ गई। महिला के धरने पर बैठते ही ससुराल पक्ष के लोग घर पर ताला लगाकर चले गए।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत शुरू की। दनकौर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि महिला बेटी से मिलने की मांग को लेकर पति के घर के बाहर बैठी है। पुलिस ने पति और बच्ची से भी बातचीत की है। उनके अनुसार, बच्ची ने फिलहाल अपनी मां से मिलने से इनकार किया है।

पुलिस महिला को समझाने का प्रयास कर रही है और पूरे मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक महिला धरने पर बैठी रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button