अपराधएनसीआरनोएडा

प्रेमी के लिए पति को छोड़ा, उसी ने गला दबाकर ले ली जान; शव को ठिकाने लगाया और 3 लाख रुपये लेकर फरार

नोएडा सेक्टर-129 में गुलशन मॉल के पास मिली महिला की लाश के मामले का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। टैक्सी चालक प्रेमी ने शादी का दबाव डालने पर चुन्नी से घोंटकर महिला की जान ली थी। इसके बाद वह महिला के तीन लाख रुपये लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी से रुपये भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 2 मार्च की सुबह गुलशन मॉल के पास सर्विस रोड के किनारे एक महिला का शव मिला था। महिला की पहचान गाजियाबाद के साहिबाबाद निवासी कविता उर्फ काव्या के रूप में हुई थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस ने कविता के पति शंकर की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज किया था। घटना का पर्दाफाश करने के लिए एसीपी राकेश कुमार की निगरानी में तीन टीमों का गठन किया गया था। पुलिस को महिला के पति से पूछताछ और सर्विलांस की मदद से कई अहम जानकारी हाथ लगीं।

आरोपी और मृतक महिला दोनों ही शादीशुदा

पुलिस को पता चला कि शव मिलने से एक दिन पहले कविता ने दिल्ली के पांडव नगर निवासी विक्की से फोन पर कई बार बात की थी। पुलिस ने पूछताछ के लिए विक्की को हिरासत में लिया तो उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि वह टैक्सी चलाता है। एक माह पहले ही उसकी मुलाकात कविता से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती थी, लेकिन कविता उस पर शादी के लिए दबाव बनाने लगी। रविवार रात को भी उसने दबाव बनाया। विक्की ने दोनों के शादीशुदा होने की दुहाई दी, लेकिन वह उसे बर्बाद करने की धमकी देने लगी। वह घर से तीन लाख दो हजार रुपये भी लेकर आई थी। शादी के लिए दबाव देने पर गुस्से में आकर उसने चुन्नी से गला घोंटकर कविता की हत्या कर दी और शव को नोएडा में फेंककर फरार हो गया।

हत्यारे की तलाश में 200 से अधिक कैमरे खंगाले

पुलिस ने हत्या आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए करीब 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर लोकेशन निकाली। यही नहीं, घटनास्थल के आसपास से गुजरे 20 से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्हें छोड़ दिया। इसके बाद आरोपी से पूछताछ की गई।

महिला का अपने पति से अक्सर होता था विवाद

पुलिस के मुताबिक, शंकर कनॉट पैलेस स्थित एक होटल में 15 हजार रुपये प्रतिमाह की नौकरी करता है। कविता भी नजदीक के एक स्कूल में बतौर सफाई कर्मचारी नौकरी करती थी। दोनों की ढाई साल की बेटी है। दोनों साहिबाबाद में किराये के घर में रहते थे। दोनों ने मिलकर प्लॉट खरीदने के लिए करीब तीन लाख रुपये जमा किए थे, लेकिन शंकर का एक अन्य महिला से बातचीत करना कविता को अच्छा नहीं लगता था। इसको लेकर दोनों में आए दिन झगड़ा रहता था।

तीन लाख रुपये लेकर भागा था आरोपी चालक

कविता और शंकर के बीच 28 फरवरी की रात झगड़ा हुआ। कविता ने पुलिस को बुला लिया। थाने में दोनों में सुलह हुई। एक मार्च को शंकर काम पर गया, लेकिन कविता नहीं गई। वह दिल्ली के बंगला साहिब गुरुद्वारे पहुंची। उसने विक्की को भी फोन करके बुला लिया। वह उसके साथ टैक्सी से साहिबाबाद पहुंची। घर में रखे तीन लाख दो हजार रुपये ले लिए। शाम को दोनों ने दिल्ली में बीयर पी और नोएडा आ गए। यहां विक्की ने वारदात को अंजाम दिया और तीन लाख रुपये लेकर भाग गया।

शरीर पर चोट के निशान होने से शक गहराया

पुलिस को जब महिला का शव मिला था तो उसके शरीर पर चोट के निशान थे। इससे शक गहराया कि महिला का किसी से झगड़ा हुआ था। पुलिस अधिकारियों ने आशंका जताई थी कि महिला की हत्या कहीं और की गई और शव को गाड़ी से लाकर एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र में फेंक दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button