नोएडा में हैबतपुर के डूब क्षेत्र में छह हजार वर्गमीटर में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, NGT के आदेश पर हुई कार्रवाई

ग्रेटर नोएडा: ग्रेनो अथॉरिटी ने हैबतपुर के डूब क्षेत्र में बुधवार को बुलडोजर चलाकर करीब 6 हजार वर्ग मीटर पर हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। परियोजना और भूलेख विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की है। कॉलोनाइजर प्लॉटिंग कर अवैध कालोनी बसाने के फिराक में थे।
एसीईओ सुमित यादव ने कहा कि हिंडन डूब क्षेत्र में अतिक्रमण को रोकने के लिए एनजीटी की तरफ से आदेश दिए गए हैं, जिसका अनुपालन करते हुए प्राधिकरण की तरफ से लगातार कार्रवाई की जा रही है। एसीईओ ने चेतावनी दी है कि अधिसूचित एरिया में अनुमति के बिना या फिर नक्शा पास कराए बिना अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ प्राधिकरण की तरफ से कार्रवाई जारी रहेगी।एसीईओ ने अपील भी की है कि ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। अवैध कॉलोनी में अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं। दरअसल, हैबतपुर के खसरा संख्या 280 और 287 की करीब 6000 वर्ग मीटर जमीन हिंडन के डूब क्षेत्र में है। यह प्राधिकरण के अधिसूचित एरिया में है, जिसके चलते परियोजना विभाग के वर्क सर्किल 3 की टीम ने प्राधिकरण की पुलिस के सहयोग से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
वर्क सर्किल-3 के प्रभारी राजेश कुमार निम, प्रबंधक रोहित गुप्ता और अन्य ने करीब दो घंटे की कार्रवाई में इसे ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण के महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह ने बताया कि प्राधिकरण की तरफ से अवैध निर्माण को बार-बार रुकवाया गया, लेकिन अवैध निर्माणकर्ताओं ने निर्माण जारी रखा, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई।



