अपराधएनसीआरनोएडा

नोएडा में वाट्सअप ग्रुप से जुड़कर जुआ खेलने वाले 20 जुआरी गिरफ्तार, आईपीएल के फाइनल मैच पर लगा था रुपया

नोएडा: सेक्टर 51 स्थित एक होटल के कमरे को किराये पर लेकर हाईप्रोफाइल जुआ खेलने और खिलाने वाले नेटवर्क का खुलासा हुआ है। सेक्टर-49 थाना पुलिस ने एक होटल में छापेमारी कर जुआ खेल रहे 20 लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी नोएडा, गुड़गांव, हरियाणा, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और राजस्थान समेत कई राज्यों के रहने वाले हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी वॉट्सऐप ग्रुप के जरिये एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। नोएडा होटल मालिक की ओर से तय जगह पर पहुंचकर ताश के पत्तों से हार-जीत की बाजी लगाते थे। फिलहाल होटल मालिक फरार है। पुलिस उसे तलाश रही है।

होटल में चलता था जुए का खेल

एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि सेक्टर 49 थाने की पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस से सूचना मिलने पर सेक्टर 51 सनराइज होटल में कार्रवाई की है। इन 20 लोगों के पास से एक लाख 62 हजार रुपये कैश, ताश की गड्डी, 22 मोबाइल, सात बाइक और एक कार बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने-अपने वाहनों से होटल पहुंचते और कमरा किराये पर लेकर जुआ खेलते थे। जांच में यह भी पता चला है कि जुए की बैठकों की सूचना वॉट्सऐप ग्रुप के माध्यम से दी जाती थी। ग्रुप में शामिल सदस्य तय समय और स्थान की जानकारी मिलने पर होटल में जुटते थे।

होटल प्रबंधन के भूमिका की होगी जांच

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में होटल प्रबंधन की भूमिका भी जांच के दायरे में है। शुरुआती जांच में होटल मालिक या कर्मचारियों की मिलीभगत सामने आई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या होटल प्रबंधन को जुआ खेले जाने की जानकारी थी और क्या उन्होंने इसके लिए जानबूझकर कमरे उपलब्ध कराए थे? गिरफ्तार आरोपियों में कई ऐसे लोग भी शामिल हैं, जिनके खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज है। इनमें सार्वजनिक जुआ अधिनियम के पुराने केस भी शामिल हैं। पुलिस का कहना हैं कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।

होटलों और गेस्ट हाउस की जांच शुरू

थाना सेक्टर-49 पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज किया है। बरामद मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि जुए के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में होटलों और गेस्ट हाउसों में अवैध गतिविधियो को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। यदि जांच में होटल प्रबंधन की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button